हेलिकॉप्टर से दुल्हन लाने की मिली अनुमित
शामली, कैराना। पांच नवंबर को शामली से गांव भूरा में हेलिकॉप्टर से दुल्हन लाने की प्रशासन ने सशर्त अनुमति दे दी है।
गांव भूरा निवासी हाजी गय्यूर अली के बड़े बेटे बिल्लू की नवंबर को कैराना नगर के मोहल्ला रेतेवाला निवासी मास्टर हाजी इरशाद अली की बेटी कहकशां से शादी होनी है। कुछ दिन पूर्व गय्यूर अली ने अपने बेटे की दुल्हन को हेलिकॉप्टर से लाने के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी थी। जिस पर एसडीएम शिव प्रकाश यादव की ओर से पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग, तहसीलदार व अन्य विभागों से अनुमति के संबंध में आख्या मांगी गई थी। सभी विभागों से आख्या आने के बाद बुधवार को प्रशासन ने दुल्हन को हेलिकॉप्टर से लाने की सशर्त अनुमति दे दी है।
दूल्हे बिल्लू ने बताया कि पांच नवंबर को शामली के एमएस फार्म में लड़की पक्ष की ओर से विवाह का कार्यक्रम आयोजित किया गया हैं। उसी दिन गांव भूरा में खाली पड़ी एक कृषि भूमि पर हेलिकॉप्टर लैंड करेगा। जिसमें वह सवार होकर अपनी बरात लेकर शामली स्थित सिल्वर बेल्स पब्लिक स्कूल के ग्राउंड में पहुंचेगा। जहां से गाड़ी से एमएस फार्म हाउस में जाएगा। निकाह की रस्म पूरी होने के बाद वह अपनी दुल्हन को हेलीकॉप्टर से लेकर अपने गांव भूरा में पहुंचेगा।
एसडीएम शिव प्रकाश ने बताया कि हेलीकॉप्टर से दुल्हन लाने की अनुमति निजी खर्च पर दी गई हैं। मौके पर भीड़ अधिक न हो व अन्य नियमों का भी लड़के पक्ष को पालन करना होगा।