शामली। जिले के 182 गांव के लोगों के लिए खुशखबरी है। जल्द ही ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। इसके लिए जल जीवन मिशन के तहत जिले के 182 गांवों में ओवरहेड टैंक लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। जल्द से जल्द निर्माण कार्य को पूरा कराकर विभागीय अधिकारियों को ओवरहेड टैंकों को हैंडओवर किया जाएगा।
जिले के 65 गांव में पहले से ही ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया गया है। जिनमें कुछ ओवरहेड टैंक जर्जर अवस्था में थे, जिनका निर्माण भी हाल ही में कराया गया था। जल निगम के एक्सईएन मौ. हाशिम अख्तर ने बताया कि सरकार से 511 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ। जिस पर जिले के 182 स्थानों पर ओवरहेड टैंक लगाने का कार्य किया जाएगा।
कुछ गांव ऐसे भी हैं, जिनमें दूसरा ओवर हेड टैंक बनाया जा रहा है। इसके लिए कई गांवों में काम शुरू करा दिया गया है। प्रयास रहेगा कि 2024 तक हर हाल में निर्माण कराकर लोगों को शुद्ध जल मुहैया कराया जाए। 50 से अधिक टीमों को निर्माण कार्य के लिए लगाया गया है।
- जल्द स्थानीय हेल्पलाइन नंबर भी किया जाएगा जारी
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जल निगम से संबंधित शिकायतों की सूचना लोग 9456983582 नंबर पर दे सकते हैं। इसके अलावा जल्द ही हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा। जिसके लिए आलाधिकारियों को पत्र लिखे गए हैं।
- 50 से लेकर 500 किलोलीटर ओवरहेड टैंक का होगा निर्माण
हाशिम अख्तर ने बताया कि जिले भर में 50 से लेकर, 75, 100, 175, 450, 500 किलोलीटर के ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया जाना है। इसके लिए कादरपुर, कासिमपुर, खेड़ी बैरागी, जसाला और कांधला आदि में जहां 50 किलोलीटर ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, गोहरनी, बघेव, कसेरवाकलां, कसेरवाखुर्द, जलालपुर, बिडौली, चौसाना, खेड़की, महावतपुर, इशोपुर टील, रामपुरखेरी, लुहारीपुर, कंजरेहडी, जंधेरी, यारपुर, आदमपुर, दुल्लाखेडी, खानपुर, बाबरी, झाल, बामनौली, चौसाना, जमालपुर में 75 से लेकर 100, 450, 500 किलोलीटर तक ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया जाएगा।