ऊन (शामली)। कस्बे में अघोषित विद्युत कटौती को लेकर लोगों में रोष है। कस्बे वासियों का आरोप है कि विद्युत निगम के गलत शेड्यूल के चलते उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह पांच घंटे की कटौती की जा रही है। जो सरकार के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन है।
कस्बे में पिछले कई दिन से काफी ज्यादा विद्युत कटौती की जा रही है। सुबह पांच से 10 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहती है। इसके अलावा शाम को भी ढाई घंटे की कटौती की जाती है। साढ़े सात घंटे की कटौती तो होती ही है। बीच में शटडाउन के चलते भी कटौती की जाती है। सुबह पांच घंटे की कटौती से लोग परेशान हैं। स्कूल में जाने वाले छात्र-छात्राओं को पानी की परेशानी होती है। इसके अलावा नौकरीपेशा लोग भी सुबह बिजली के कारण पानी न आने के चलते परेशान हैं। गृहणी भी अपना काम नहीं कर पातीं हैं। भयंकर सर्दी में बिजली न होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
कस्बावासी गोपाल, सत्यम आदि का आरोप है कि कई बार विद्युत विभाग को सुबह कटौती कम करने की मांग की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। जबकि शासन की ओर से 21 घंटे की विद्युत सप्लाई करने के आदेश हैं।