शामली। सहारनपुर मंडल के अंतर्गत सेवानिवृत्त राजकीय कार्मिकों और मृत शासकीय सेवकों के परिवार के सेवानैवृत्तिक लाभों (पेंशन, उत्पादन, बीमा आदि) से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए पेंशन अदालत 15 फरवरी को मंडलायुक्त की अध्यक्षता में सुबह 11 बजे सर्किट हाउस सहारनपुर में आयोजित होगी।
वरिष्ठ कोषाधिकारी शामली अटल राज भास्कर ने बताया कि मंडल के स्थानीय पेंशनरों की सुविधा के लिए कार्यालय अपर निदेशक, कोषागार एवं पेंशन-1, शिव विहार कॉलोनी दिल्ली रोड सहारनपुर और कोषागार सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली से 10 फरवरी तक वाद पत्र प्राप्त किए जाने की विशेष व्यवस्था की गई है। इसलिए ऐसे सभी राजकीय पेंशनर वाद पत्र के निर्धारित प्रारूप पर ही अपना वाद निर्धारित तिथि तक प्रस्तुत करें। वाद पत्र का निर्धारित प्रारूप मंडल के सभी कोषागारों के नोटिस बोर्ड से प्राप्त किया जा सकता है। सेवानिवृत्त सरकारी पेंशनर से वाद पत्र निर्धारित प्रारूप पर ही स्वीकार किए जाएंगे। न्यायालय में आयोजित वाद पर पेंशन अदालत में विचार नहीं किया जाएगा।