शामली। बदलते मौसम के चलते जिला अस्पताल में लगातार मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं दो दिन से 1200 मरीज पहुंच रहे हैं, मगर कुछ चिकित्सक नदारद रहने से बाज नहीं आ रहे। इसके चलते मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बदलते मौसम में बुखार, नजला, खांसी और खुजली के मरीज बढ़े हैं। जिला अस्पताल में मंगलवार को 400 बुखार, 400 खांसी-नजला, 300 खुजली और अन्य हड्डी से संबंधित मरीज पहुंचे। उधर, पड़ताल के दौरान सुबह 10:30 बजे जिला अस्पताल से एजर्ली और दंत रोग विशेषज्ञ नदारद नजर आए। बाल रोग विशेषज्ञ, जनरल सर्जन, हड्डी रोग विशेषज्ञ और अन्य उपचार करते मिले। जिला अस्पताल के सीएमएस डाॅ. किशोर आहूजा का कहना है कि चिकित्सकों को ओपीडी में बैठकर मरीजों का उपचार करने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ये बरतें सावधानियां
-बर्गर, चाऊमीन आदि का सेवन करने से बचें।
- बच्चों को कुरकुरे, चिप्स, टॉफी का परहेज रखें।
- साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
- तेज धूप से आने के बाद ठंडा पानी या कोल्ड ड्रिंक न पीयें।
- घर में बना हुआ ताजा व सुपाच्य भोजन का सेवन करें।
- चिकित्सक की सलाह से ही उपचार कराएं।