- बुधवार रात दिल्ली हरियाणा बाॅर्डर पर कैराना निवासी ताजिम को 2.51 लाख के नकली नोट के साथ किया गया था गिरफ्तार
- बृहस्पतिवार को दिल्ली स्पेशल सेल ने कैराना निवासी सराफा व्यापारी इरशाद उर्फ भूरू को कैराना से किया था गिरफ्तार
- इरशाद से भी दिल्ली स्पेशल सेल ने बरामद की ढाई लाख की नकली करेंसी
संवाद न्यूज एजेंसी
कैराना। नकली नोटों के मामले में दिल्ली स्पेशल सेल ने कैराना निवासी सराफा व्यापारी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। शनिवार को दिल्ली स्पेशल सेल ने दोनों आरोपियों को पटियाला हाऊस कोर्ट में पेश किया जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया। इस मामले में सराफा व्यापारी से भी ढाई लाख के नकली नोट बरामद होने की जानकारी मिल रही है।
बुधवार को हरियाणा दिल्ली बाॅर्डर पर कैराना निवासी ताजिम को 2.51 लाख के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार करने के बाद बृहस्पतिवार सुबह दिल्ली स्पेशल सेल ने कैराना में दबिश देकर सराफा व्यापारी इरशाद उर्फ भूरू को गिरफ्तार किया था। शुक्रवार को दिल्ली स्पेशल सेल दोनों आरोपियों को पीसीआर पर लेकर कैराना पहुंची तथा इरशाद की दुकान व मकान की गहनता से तलाशी ली। लेकिन कोई सफलता नहीं मिलने पर दिल्ली स्पेशल सेल वापस लौट गई थी।
शुक्रवार रात व शनिवार सुबह स्थानीय पुलिस ने इरशाद के तीन करीबियों की तलाश में दबिश दी। जिससे नकली करेंसी व प्रिंटर मशीन को बरामद किया जा सके। उधर, सराफा व्यापारी इरशाद उर्फ भूरू से भी ढाई लाख की नकली करेंसी बरामद होने की जानकारी मिली है। शनिवार को ही दिल्ली स्पेशल सेल ने दोनों आरोपियों को पटियाला हाऊस कोर्ट में पेश कर दिया था जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया।