एडीएम ने सहारनपुुुर रीजन के आरएम को पक्ष रखने के लिए बुलाया
पानीपत रोडवेज के जीएम ने एमडी यूपी रोडवेज लखनऊ को भेजा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। पानीपत की रोडवेज बसों का पार्किंग शुल्क विवाद परिवहन निगम के मुख्यालय पहुंच गया है। मामले की जांच कर रहे एडीएम संतोष कुमार सिंह ने सहारनपुर रीजन के आरएम अनिल कुमार को अपना पक्ष रखने के लिए तलब किया है। उनका पक्ष मिलने के बाद एडीएम रिपोर्ट तैयार करके डीएम को भेजेंगे।
पानीपत जिले की रोडवेज बसों द्वारा पिछले दो माह से पार्किंग शुल्क देने से इनकार कर दिए जाने के बाद शामली रोडवेज बस अड्डे में उनका प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया था। इस बाबत पानीपत जिले के जीएम रोडवेज कुलदीप जांगड़ा ने डीएम जसजीत कौर से मुलाकात कर प्रकरण से अवगत कराया था। डीएम ने मामले की जांच एडीएम संतोष कुमार सिंह को सौंपकर रिपोर्ट तलब की थी। पानीपत रोडवेज के जीएम कुलदीप जांगड़ा अपना पक्ष एक सप्ताह पूर्व एडीएम संतोष कुमार के समक्ष रख चुके हैं।
इस पर एडीएम संतोष कुमार सिंह ने शामली यूपी रोडवेज के एआरएम अनिल शुक्ला को बुलाकर पक्ष रखने का मौका दिया था। एआरएम शामली ने तर्क दिया था कि पार्किंग शुल्क के मामले में सहारनपुर रीजन के आरएम को पार्किग शुल्क निरस्त करने तथा जारी करने का अधिकार है। वह आरएम के निर्देश पर अपना पक्ष रख सकते हैं। एडीएम संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अब सहारनपुर रीजन के आरएम अनिल कुमार सिंह को नोटिस जारी करके पक्ष रखने के लिए कहा है। इसके बाद डीएम जसजीत कौर को अपनी रिपोर्ट भेजेंगे। पानीपत डिपो के जीएम कुलदीप जांगड़ा ने बताया कि पानीपत और शामली रोडवेज के बीच पार्किंग शुल्क विवाद उत्तर प्रदेश परिवहन लखनऊ मुख्यालय के प्रबंध निदेशक को भेजा है। यूपी रोडवेज के प्रबंध निदेशक के आदेश का इंतजार कर रहे हैं।