शामली/थानाभव/ऊन/बाबरी। कस्बा झिंझाना में शनिवार शाम को ओवरलोड गन्ने से लदे ट्रक से एक परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई, लेकिन अधिकारियों ने इससे कोई सबक नहीं लिया। रविवार को दिनभर जिले की सड़कों पर ओवरलोड वाहन धड़ल्ले से दौड़ते रहे। अधिकारी इस ओर से अनजान बनकर किसी बड़े हादसे का इंतजार ही कर रहे है।
बुढ़ाना रोड रेलवे फाटक के पास
मेरठ-करनाल हाईवे पर रेलवे फाटक के निकट गन्ने से लदा ओवरलोड ट्रक शामली चीनी मिल में जा रहा था। ट्रक में गन्ना बॉडी से ऊपर तक लदा था, जिससे हादसा होने का डर बना रहा, लेकिन उसे रोकने तक वाला कोई नहीं रहा।
शहर के बीच मेरठ-करनाल हाईवे
मेरठ-करनाल हाईवे पर शहर के बीच में किनारे पर दो ट्रैक्टर-ट्राला माल से लदे हुए खड़े थे। इस दौरान इस मार्ग पर जाम भी लगा हुआ था। उस समय उनके चालक वहां नहीं थे। लोग जाम में परेशान थे, लेकिन पुलिसकर्मी दूर-दूर तक नजर नहीं आया।
बाबरी में कैड़ी बस स्टैंड
बाबरी में कैड़ी बस स्टैंड होते हुए गन्ने से लदा ओवरलोड ट्रक हिरनवाड़ा से थानाभवन मिल में जा रहा था। ग्रामीण सतीश कुमार, रविंद्र ने बताया दो माह पूर्व ओवरलोड गन्ने से लदे ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई थी। करीब एक साल पहले ओवर लोड ट्रैक्टर-ट्राला की चपेट में आकर साइकिल सवार छात्र की मौत हुई थी, लेकिन हादसों के बाद भी न तो चालक सबक लेने को तैयार है और न ही अधिकारी इस तरफ ध्यान दे रहे हैं।
ऊन बाईपास
झिंझाना में शनिवार की शाम को जहां पर हादसा हुआ था, उसी मार्ग से होकर गन्ने से लदा ओवरलोड ट्रक ऊन शुगर मिल में जा रहा था। हालाकि ऊन चौकी के निकट पहुंचने पर पुलिस ने ट्रक को पकड़ लिया और चौकी पर खड़ा करा लिया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि ट्रक को सीज करने की कार्रवाई की गई है।
नोजल मार्ग मेला ग्राउंड
रविवार को नोजल मार्ग पर मेला ग्राउंड के निकट गन्ने का ओवरलोड ट्रक जा रहा था। दिनेश कुमार, विनोद कुमार, भागमल, हंसराज, सचिन कुमार, मेहरबान अली ने बताया इन ओवरलोड ट्रकों के कारण हादसा होने खतरा बना रहता है। कई बार जिलाधिकारी को शिकायत की है, लेकिन परिणाम कुछ नही मिला।
समय-समय पर ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई की जाती है। ओवरलोड वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। - सुखविंद्र सिंह, जिला यातायात प्रभारी