03 घंटे तक पुलिस ने घरेलू गैस सिलिंडर लदे ट्रकों को रोके रखा
रविवार रात से भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जा रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिले में कांवड़ियों की संख्या बढ़ने पर पुलिस-प्रशासन ने रविवार रात से यातायात परिवर्तन प्लान लागू कर दिया है। कांवड़ मार्ग पर सभी तरह के भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है। घरेलू गैस सिलिंडर लदे वाहनों को तीन घंटे तक रोके रखा। वहीं, अन्य वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जा रहा है।
पुलिस-प्रशासन ने कांवड़ यात्रा में शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए यातायात परिवर्तन प्लान पहले ही तैयार कर लिया था। प्रशासन ने दो चरणों में यातायात परिवर्तन करने की तैयारी की थी। पहले चरण का यातायात परिवर्तन रविवार रात से लागू कर दिया है। जबकि दूसरे चरण में 21 जुलाई से लागू किया जाएगा। रविवार रात से लागू हुए परिवर्तन के तहत कांवड़ मार्ग पर सभी तरह के भारी वाहन तथा बसों का संचालन रोक दिया है। केवल हल्के वाहनों के संचालन की अनुमति दी गई है। करनाल की तरफ से आने वाले वाहनों को बिडौली, चौसाना, गंगोह मार्ग तीतरो, गंदेवड़ा नहर पुल से जलालाबाद व ननौता होते हुए सहारनपुर की तरफ भेजा गया। पानीपत से आने वाले वाहनों को कैराना बाईपास होते हुए जमालपुर, गाड़ी वाला चौराहा, झिंझाना, ऊन, थानाभवन, जलालाबाद व ननौता होते हुए सहारनपुर की तरफ भेजा गया। बागपत की तरफ से आने वाले वाहनों को अजंता चौक से मेरठ-करनाल हाईवे से निकाला गया। मुजफ्फरनगर से आने वाले वाहनों को चरथावल मार्ग से थानाभवन, जलालाबाद, गंगोह, तीतरो, चौसाना व बिडौली होते हुए करनाल की तरफ निकाला गया है।
वहीं, इस बबात एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि जिले में कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए रविवार रात से यातायात परिवर्तन लागू कर दिया है। कांवड़ मार्ग पर आवश्यक वस्तुओं वाले वाहनों को छोड़कर सभी भारी वाहनों का संचालन रोक दिया गया है।
वहीं, शहर में एसटी तिराहा पर एलपीजी गैस सिलिंडर लेकर गोदाम पर जा रहे ट्रकों को पुलिस ने रोक दिया। पुलिस ने ट्रक चालकों से कहा कि कांवड़ यात्रा को लेकर रूट डायवर्ट किया गया है। ट्रक चालकों ने गैस एजेंसी संचालकों को इसकी जानकारी दी। एजेंसी संचालक मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से बात की। इसके बाद उन्हें गोदाम तक ले जाया गया। एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि एलपीजी गैस सिलिंडर समेत आवश्यक वस्तुओं को ले जाने वाले वाहनों पर रोक नहीं है। सुबह के समय पुलिस ने ट्रक चालकों को वाहन धीमी गति से चलाने व मार्ग बताने के लिए रोका था।