मुख्य बाजार में खुला गटर बन रहा हादसों का सबब
शामली, कांधला। त्योहार के दिनों में नगर के मुख्य बाजार में खुला गटर लोगों की मुसीबत बन गया है। बाजार की तंग गलियों व भीड़ के कारण राहगीर चैंबर में गिर कर घायल हो रहे हैं। व्यापारियों ने पालिका प्रशासन को शिकायत कर समस्या के निस्तारण की मांग की है।
कस्बे के मोहल्ला सरावज्ञान में रेलवे रोड से ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले ग्राहक नगर के मुख्य बाजार में जाते हैं। काफी समय से पुराने पीएनबी बैंक से लेकर जैन मंदिर तक के लोग गटर के चैंबरों की समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन पालिका प्रशासन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं कर पाई। दीपावली पर्व के नजदीक आने के साथ ही बाजारों में ग्राहकों का आवागमन बढ़ गया है। ऐसे में पुराने पंजाब नेशनल बैंक के समीप खुला चैंबर हादसों को दावत दे रहा है। पालिका कर्मचारियों ने गड्ढे पर ढक्कन रखने के बजाय कूड़ा उठाने वाली रेहड़ी डाल दी है। जिसके बाद दोनों तरफ से चैंबर थोड़ा खुला रह गया।
बृहस्पतिवार को घरेलू कार्य से बाजार आए बाइक सवार युवक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक सवार का पैर सीधा गटर के खुले चैंबर में चला गया। जिससे बाइक सवार के पैर में काफी चोट आ गई। मौके पर मौजूद दुकानदारों ने युवक को बाहर निकाला। व्यापारियों ने पालिका प्रशासन को शिकायत करते हुए चैंबर को बंद कराने की मांग की है।