शामली। जिला अस्पताल में लगातार ओपीडी बढ़ रही है। बुधवार को अस्पताल में ओपीडी 1550 पार पहुंच गई। जिसमें सबसे अधिक वायरल से ग्रस्त 400 मरीज पहुंचे। इसके अलावा, महिला रोगों से संबंधित 300, हड्डी रोग के 200, बाल रोग, नाक-कान गला, दंत रोग के 600 से अधिक मरीज पहुंचे। चिकित्सक सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
उधर, ओपीडी बढ़ने के बावजूद कुछ चिकित्सक नदारद रहे। बुधवार को दोपहर 11:50 बजे जिला अस्पताल से बाल रोग विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेष नदारद रहे, जिसके कारण मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के सीजन में पिछले करीब पंद्रह दिन से जिला अस्पताल में लगातार मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इसके बावजूद चिकित्सकों के नदारद रहने से मरीजों को परेशानी हो रही है।
सीएमएस डाॅ. किशोर आहूजा का कहना है कि इस मौसम में सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सकों को ओपीडी में रहने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
- सीएमएस के अनुसार ये बरतें सावधानियां
- बाजार में बने खाद्य पदार्थ फास्ट फूड बर्गर, चाऊमीन आदि का सेवन करने से बचें।
- बच्चों को कुरकुरे, चिप्स, टॉफी का परहेज रखें।
- साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
- ठंडा पानी या कोल्ड डि्रंक न पीएं।
- घर में बना हुआ ताजा व सुपाच्य भोजन का सेवन करें।
- चिकित्सक की सलाह से ही उपचार कराएं।