कुछ दिन पहले मनोज ने कोतवाली में तहरीर दी कि उसे आशंका है कि उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसके बेटे तनीष की जहर देकर हत्या कर दी, जिसके चलते शव का पीएम कराया जाये। पुलिस द्वारा मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को दी गई।
बाद में डीएम ने उपजिला मजिस्ट्रेट व डाॅक्टर की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकलवा कर पीएम कराने के आदेश जारी कर दिए थे, जिसके बाद सोमवार को उपजिला मजिस्ट्रेट स्वप्निल यादव, सीओ अमरदीप मौर्य, चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. शैलेंद्र चौरसिया व कोतवाली प्रभारी विरेन्द्र सिंह कसाना गांव भूरा में श्मशान घाट पर पहुंचे तथा कर्मचारियों की मदद से बालक के शव को जमीन से बाहर निकाला और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं मृतक बालक तनीष के पिता मनोज ने बताया कि उसकी पत्नी का पड़ोस के ही युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बेटे की मौत के कुछ दिन बाद ही उसकी पत्नी अपने मायके चली गई थी। पोस्टमार्टम में बेटे की मौत का सही पता चल सकेगा।
डीएम के आदेश पर बालक तनीष के शव को जमीन से बाहर निकाल कर पीएम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही मौत के कारण का पता लग सकेगा। -स्वप्निल यादव उपजिला मजिस्ट्रेट कैराना