शामली, कांधला। क्षेत्र के गांव सुन्ना में चकबंदी प्रक्रिया के दौरान गांव के कई किसानों सहित किसान नेता ने जिले के राजस्व अधिकारियों को फोन कर चकबंदी प्रक्रिया रुकवाने की मांग की। आरोप है, कि अधिकारियों ने किसानों सहित किसान नेता भाकियू अराजनीतिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश महासचिव राजेंद्र सिंह पवार का फोन रिसीव नहीं किया।
किसान नेता ने आरोप लगाया कि शनिवार को गांव के कई दबंग लोगों ने जनपद के एसडीएम, तहसीलदार व चकबंदी अधिकारियों से सांठगांठ कर जबरन जेसीबी लगाकर किसानों के जमीन में चकरोड निकाल दी। पीड़ित किसानों ने मामले की सूचना देने के लिए एसडीएम व तहसीलदार सहित चकबंदी अधिकारियों को फोन किया, लेकिन किसी ने भी फोन नहीं उठाया। भाकियू अराजनीतिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश महासचिव राजेंद्र सिंह पवार ने भी अधिकारियों को फोन किया, लेकिन उनका भी फोन रिसीव नहीं हुआ। राजेंद्र सिंह पंवार ने चेतावनी दी है कि अगर चकबंदी प्रक्रिया में किसी तरह की कोई भी धांधलेबाजी की गई, तो किसानों की जमीनों पर टेंट लगाकर धरना प्रदर्शन कर आंदोलन किया जाएगा।