शामली जिला अस्पताल में प्रारंभ होई एन आरसी में भर्ती बच्चे
शामली। जिला अस्पताल में दस बैड का पोषण पुनर्वास केंद्र शुरू हो गया है, लेकिन आहर विशेषज्ञ (डायटीशियन) की नियुक्ति नहीं हुई है। केंद्र पर तीन दिन में दो बच्चे भर्ती हुए हैं। पोषण पुनर्वास केंद्र में अति कुपोषित बच्चों को भर्ती किया जाएगा। अभी तक जिले में पोषण पुनर्वास केंद्र न होने के कारण अतिकुपोषित बच्चों को मुजफ्फरनगर भेजा जाता था।
जिला अस्पताल में पोषण पुनर्वास केंद्र को चालू कर दिया गया है। पोषण पुनर्वास केंद्र में सात माह से लेकर पांच साल तक के अतिकुपोषित बच्चों को भर्ती कर पोषण किया जाएगा। हालांकि अभी 16 अक्तूबर से शुरू हुए पोषण पुनर्वास केंद्र में दो बच्चे भर्ती किए गए हैं। इनमें एक सात माह का और दूसरा बच्चा 13 माह का है। पोषण पुनर्वास केंद्र चालू होने से अतिकुपोषित बच्चों को अब मुजफ्फरनगर ले जाने की जरूरत नहीं होगी। केंद्र में भर्ती बच्चों को 14 दिन तक रखकर उन्हें पोषण देने के साथ ही देखभाल की जाएगी।
केंद्र में भर्ती होने वाले बच्चों को आहर देने साथ ही उनकी मां या पिता में से एक को भोजन व नाश्ता अस्पताल की तरफ से ही उपलब्ध कराया जाएगा। जिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. अंजू जोधा ने बताया कि अस्पताल में तीन दिन पहले पोषण पुनर्वास केंद्र शुरू किया गया है। केंद्र में इस समय दो बच्चे भर्ती हैं। उन्होंने बताया भर्ती हुए बच्चों को आहार और मां का भोजन अस्पताल में ही उपलब्ध कराया जाएगा। डायटीशियन की नियुक्ति के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है।