शामली, थानाभवन। बृहस्पतिवार को एडिशनल सीएमओ अश्वनी कुमार सिटी गार्डन के नजदीक ग्रीन मेडिकेयर हॉस्पिटल में पहुंचे जहां उन्होंने अस्पताल संचालक से अस्पताल के रजिस्ट्रेशन के कागज दिखाने के लिए कहा। अस्पताल संचालक रजिस्ट्रेशन का कोई भी कागज नहीं दिखा पाया। जबकि कोई प्रशिक्षित चिकित्सक भी अस्पताल में मौजूद नहीं था और कई मरीज भी अस्पताल में भर्ती कर रखे थे। खामियों को देखते हुए एडिशनल सीएमओ ने ग्रीन मेडिकेयर अस्पताल में सील लगा दी।
इसके बाद एडिशनल सीएमओ यहां से कुछ दूरी पर स्थित सिटी लाइफ केयर हॉस्पिटल में पहुंचे। जहां बोर्ड पर दो एमबीबीएस चिकित्सकों के नाम और नंबर लिखे हुए थे। एडिशनल सीएमओ ने अस्पताल के रजिस्ट्रेशन के कागज मांगे तो अस्पताल का रजिस्ट्रेशन कराया हुआ मिला। जबकि बोर्ड पर लिखे गए चिकित्सक अस्पताल में मौजूद नहीं थे। अस्पताल में महिला सहित कई लोगों को भर्ती कर उन्हें ग्लूकोज चढ़ाया जा रहा था जबकि अस्पताल में कई आधुनिक उपचार करने में सहायक मशीन भी लगी थी। ऑपरेशन थिएटर तक बनाया गया था, जबकि कोई सर्जन भी अस्पताल में रजिस्टर्ड नहीं है। अस्पताल में चिकित्सक मौजूद न मिलने पर एडिशनल सीएमओ ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम की छापे की सूचना मिलते ही आसपास एवं कस्बे के कई अन्य क्लिनिक संचालकों ने अपने शटर बंद कर दिए। जबकि एडिशनल सीएमओ ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।