शामली। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई वीवी इंटर कॉलेज में 7 दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ कंपोजिट विद्यालय सिंभालका में जिला विद्यालय निरीक्षक जनार्दन सिंह शाक्य, प्रधानाचार्य एसके आर्य, ललितानंद स्वामी एरटी, कार्यक्रम अधिकारी डा़ अनुराग शर्मा, ग्राम प्रधान संजीव कालखंडे, प्रवक्ता गुरदास सिंह द्वारा किया गया।
प्रथम सत्र की शुरुआत कार्यक्रम अधिकारी डॉ़ अनुराग शर्मा द्वारा सरस्वती वंदना के साथ की गई। जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना जैसे मंच छात्र-छात्राओं के शैक्षिक ज्ञान को व्यवहारिक ज्ञान में बदलने का सर्वश्रेष्ठ मंच है।
उन्होंने कहा कि शैक्षिक जीवन में सभी छात्र-छात्राओं को इस तरीके के मंचों का लाभ उठाना चाहिए, क्योंकि इस तरीके के मंच छात्र-छात्राओं के सर्वांगिंण विकास में महत्वपूर्ण सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरीके के कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को अपनी क्षमताओं को जानने का भी अवसर मिलता है। इस अवसर पर छात्रा तरन्नुम द्वारा एनएसएस के संपूर्ण इतिहास के विषय में विस्तृत रूप से बताया गया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ़ अनुराग शर्मा ने कहा कि एनएसएस छात्र- छात्राओं के संपूर्ण व्यक्तित्व विकास का सर्वश्रेष्ठ मंच है। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में योगाचार्य डॉ़ कुमुद शर्मा द्वारा छात्र-छात्राओं को योगासन प्राणायाम के बारे में बताया गया। उन्होंने कहा कि निरोगी व्यक्ति ही समाज, देश और परिवार की सेवा कर सकता है।
इस अवसर पर समाज सेविका वीना अग्रवाल, डॉ़ नीलम ने भी विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य एसके आर्य द्वारा सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। अखिलेश प्रधान, पिंटू, सुमित, नरेंद्र शर्मा, पूर्व प्रधानाचार्य जयदेव कालखंडे, अध्यापिका रेशमा मौजूद रहे।