- पुलिस कर्मचारी की पत्नी ने टीएसआई पर लगाया पति पर उत्पीड़न का आरोप, एसपी बोले, जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी आगे की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। ओवरलोड वाहनों से वसूली, भ्रष्टाचार के मामले में फंसे टीएसआई पर अब एक और आरोप लगा है। विभाग के ही कर्मचारी की पत्नी ने टीएसआई पर पति के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस अधिकारियों से शिकायत की है। शिकायत के बाद एसपी ने मामले दोनों मामलों की जांच सीओ अमरदीप मौर्य को सौंप दी है। कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
टीएसआई पर भ्रष्टाचार, ओवरलोड वाहनों से अवैध रुप से वसूली की शिकायत पुलिस अधिकारियों से की गई थी। एक ट्रक चालक ने भी टीएसआई पर वसूली का आरोप लगाया था। मामले की जांच पुलिस अधिकारी कर रहे हैं। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के आपस में उलझने का मामला भी सामने आ चुका है। एसपी ने लगातार आ रही शिकायतों को देखते हुए टीएसआई के खिलाफ जांच बैठा दी है। एसपी अभिषेक ने बताया कि मामले की जांच सीओ को सौंपी गई है। जांच में दोषी मिलने पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अवैध वसूली या फिर भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एक वीडियो भी हुई थी वायरल
टीएसआई के अवैध वसूली के मामले की एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल की गई थी, जिसमें ट्रक चालक टीएसआई पर आरोप लगा रहा था। पुलिस अधिकारी इस मामले की भी जांच करा रहे हैं। उधर,टीएसआई ने आराेपों की जानकारी होने से इनकार किया है।