शामली। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की बोर्ड परीक्षा को लेकर स्ट्रांग रूम सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रहेंगे। 24 घंटे प्रश्न पत्रोंं की निगरानी के लिए अलर्ट डिवाइस भी लगाई जाएगी। इसको लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग तैयारी कर रहा है।
अगले दो सप्ताह में केंद्र पर प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिका पहुंचनी शुरू हो जाएगी। अधिकारी परीक्षा केंद्रों का सत्यापन कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करा रहे हैं। बोर्ड परीक्षा को लेकर अब तैयारियां अंतिम चरण में चल रही है। 22 फरवरी से नौ मार्च के बीच जिले में 33 परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा में हाईस्कूल व इंटर के 25418 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्र की अंतिम सूची प्रकाशित होने के बाद विभाग नकल विहिन परीक्षा कराने में जुट गया है। परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न पत्रों को रखने के लिए स्ट्रांग रूम बनाए जा रहे हैं। इसमें प्रश्न पत्रों को सुरक्षित रखने के लिए डबल लॉक वाली अलमारी का प्रयोग किया जाएगा। वह अलमारी 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रहेगी। स्ट्रांग रूम में बाहरी व्यक्तियों का आवागमन नहीं रहेगा। स्ट्रांग रूम के बाहर लॉग बुक रखी जाएगी। जिसमें यहां आने वाले हर व्यक्ति का विवरण दर्ज होगा। इसके साथ ही, सुरक्षा को लेकर अलर्ट डिवाइस भी लगाई जाएगी। उत्तर पुस्तिका जनपद में आ चुकी है। प्रश्न पत्र भी जनपद में जल्द ही आ जाएंगे।
स्ट्रांग रूम में लगे सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे संचालित रहेंगे। स्ट्रांग रूम में अलर्ट डिवाइस लगाई जाएगी। किसी बाहरी व्यक्ति के अंदर प्रवेश करने पर डिवाइस अलर्ट कर सके। केंद्र व्यवस्थापकों को भी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
-जेएस शाक्य, डीआईओएस