पंचायत में बोलते कंवर हसन आैर नाहिद हसन।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में कैराना लोकसभा सीट के उपचुनाव में हसन परिवार को एक करने के लिए विधायक नाहिद हसन अपने चाचा कंवर हसन के आवास पर पहुंचे और अपनी मां एवं रालोद प्रत्याशी तबस्सुम के लिए समर्थन मांगा, जिस पर कंवर हसन ने भी कहा कि तुम तो विधायक हो, अब सांसद का चुनाव चाचा को लड़ाओ। नाहिद ने चाचा कंवर हसन और हाजी अनवर हसन से काफी देर वार्ता की, लेकिन सुलह नहीं हो पाई। बाद में कंवर हसन ने अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया गया। हालांकि सुलह समझौते के प्रयास अभी भी जारी है।
दरअसल, कंवर हसन ने बुधवार को ही नामांकन पत्र खरीद लिया था। बृहस्पतिवार को नामांकन पत्र जमा कराने से पूर्व वह कैराना में मोहल्ला आलदरम्यान स्थित अपने आवास पर समर्थकों के साथ पंचायत कर रहे थे। इसी दौरान सपा विधायक चौधरी नाहिद हसन वहां पहुंच गए और चाचा कंवर हसन व हाजी अनवर हसन से पारिवारिक मतभेद खत्म करते हुए अपनी मां तब्बसुम हसन के लिए समर्थन मांगा। इसके बाद चाचा और भतीजे अंदर एक कमरे में चले गए। कमरे के बाहर खड़े समर्थकों ने नाहिद हसन और कंवर हसन के जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए।
करीब 30 मिनट तक कमरे में चाचा-भतीजे में मंत्रणा चली। इसके बाद चाचा भतीजे बाहर आ गए। वहां कंवर हसन ने कहा कि जब कलस्यान परिवार के सदस्य एक हो सकते हैं, तो हम क्यों नहीं हो सकते। इस पर समर्थकों में एकाएक जोश भर आया और लोगों को लगा कि हसन परिवार में सुलह हो गई। मगर, इसी बीच कंवर हसन ने कहा कि नाहिद तुम विधायक हो और अब सांसद का चुनाव अपने चाचा को लड़ाओ, इसी बात पर हसन परिवार एक हो जाएगा। इसके बाद नाहिद हसन ने भरी पंचायत में कहा कि उपचुनाव पूरा परिवार एकजुटता के साथ उनकी मां को लड़ाए।
इसके बाद वह विधायक पद से इस्तीफा दे देंगे, जिसके बाद आप विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ लेना। मगर, इस पर चाचा तैयार नहीं हुए। कंवर हसन ने कहा कि नामांकन पत्र जमा करने का आज अंतिम दिन है, वह नामांकन दाखिल करने जा रहे हैं। दो-चार दिन बाद पूरे परिवार के समर्थकों के साथ पंचायत होगी, पंचायत जो कहेगी वह निर्णय माना जाएगा। इसके बाद कंवर हसन अपने भाई हाजी अनवर हसन तथा अन्य समर्थकों को साथ लेकर नामांकन पत्र जमा करने के लिए शामली कलक्ट्रेट रवाना हो गए।