- कांधला में आठ, ऊन में पांच, कैराना में तीन ने किया नामांकन
- थानाभवन में दो पदों पर किसी ने नहीं किया नामांकन
संवाद न्यूज एजेंसी
कांधला। विकासखंड क्षेत्र के आठ ग्राम पंचायतों में रिक्त ग्राम पंचायत सदस्यों के पदों पर चुनाव के लिए प्रत्याशियों ने नामांकन किए। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस फोर्स भी तैनात रहा।
सोमवार को विकासखंड प्रांगण में क्षेत्र के गांव इस्लामपुर घसौली से ज्योति, नाला से सोहनबीरी, खंद्रावली से जिनेंद्र कुमार, ढुढार से सुभाष, असदपुर जिडाना से अमजद, रसूलपुर गुजरान से तुसार, भभीसा से रामपाल, ब्रह्मखेड़ा से रामकुमार ने नामांकन पत्र दाखिल किए। निर्वाचन अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि आठ ग्राम पंचायत सदस्यों के पद रिक्त चल रहे थे। सोमवार को रिक्त पदों पर नामांकन कराने के लिए शासन के दिशा निर्देश पर प्रत्याशियों के नामांकन प्रक्रिया कराई गई। बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच कर वापसी होगी। दो मार्च को मतदान होगा और चार मार्च को विजेता प्रत्याशी की मतगणना के बाद घोषणा की जाएगी।
खाली रह गए दो पद
थाना भवन। क्षेत्र पंचायत के अंतर्गत ग्राम जाफरपुर व दखौड़ी जमालपुर के दो ग्राम पंचायत सदस्यों के पद पर उप चुनाव होना था। लेकिन नामांकन की अंतिम तारीख 20 फरवरी को कोई नामांकन पत्र जमा न होने के कारण दोनों पद रिक्त रह गए। एडीओ पंचायत सोम प्रकाश ने बताया ग्राम जाफर पुर में ग्राम पंचायत सदस्य दयाचंद व ग्राम दखोड़ी जमालपुर में ग्राम पंचायत सदस्य किरण देवी का निधन होने के कारण दोनों पद रिक्त थे। दोनों स्थानों पर उपचुनाव के लिए 16 फरवरी को नामांकन पत्रों की बिक्री व 20 फरवरी को नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तारीख थी। ग्राम दखोड़ी जमालपुर में एक नामांकन पत्र बेबी पत्नी जंगली ने खरीदा था, लेकिन उन्होंने भी नामांकन पत्र जमा नहीं किया।
निर्विरोध निर्वाचन तय
कैराना/ऊन। ग्राम पंचायतों में सदस्य पद के रिक्त पदों के लिए ब्लॉक कार्यालय पर नामांकन दाखिल किए गए। जिसमें रिक्त सभी पांच पदों पर पांच उम्मीदवारों ने ही पर्चा दाखिल किया है।
सोमवार को नामांकन की तिथि पर रिक्त पद जिनमें गांव टपराना से मोहसिन, टोडा से महबूब, बिडोली से राजेंद्र, शामली श्यामला से मोनिका, दरगाह पुर से नकुल ने सदस्य पद हेतु पर्चा दाखिल किया। पांच पदों के लिए पांच ही पर्चे दाखिल किए गए हैं। ऐसे में नामांकन पत्रों की जांच में यदि सभी सही पाए जाते हैं, तो इन सबका निर्विरोध निर्वाचित होना तय है। कैराना ब्लॉक की तीन ग्राम पंचायतों के तीन वार्डों पर ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन पत्र जमा कराए गए। मंगलवार को नाम वापसी का दिन है। अगर किसी प्रत्याशी ने अपना नामांकन पत्र वापस नहीं लिया, तो तीनों सदस्य पद निर्विरोध निर्वाचित हो जाएंगे।