- प्रभारी मंत्री ने किया स्कूल चलो और संचारी रोग नियंत्रण अभियान के शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जल शक्ति विभाग के राज्यमंत्री व जिले के प्रभारी दिनेश खटीक ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पंडित दीनदयाल के सपने को साकार किया जा रहा है। अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति और एक-एक बच्चे जो बच्चे देश का भविष्य है उन्हें पाठ्यपुस्तक, जूते-मोजे, ड्रेस आदि सभी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही हैं। वह दिल्ली दिल्ली रोड स्थित विवाह मंडप में स्कूल चलो और संचारी रोग नियंत्रण अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने कहा कि संस्कार, शिक्षा और अच्छा स्वास्थ्य एक व्यक्ति के संपूरक है। शिक्षा के बगैर तो व्यक्ति पशु के समान है। इसलिए कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। ऐसी बहुत से उदाहरण हैं कि प्राइमरी स्कूल के बच्चे पढ़कर आईएएस, आईपीएस और पीसीएस बने हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश स्तर पर आयोजित मुख्यमंत्री का लाइव संबोधन सुना गया। मंत्री और जनप्रतिनिधियों ने परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को निशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण, पिछले साल नामांकन में वृद्धि कराने वाले अध्यापकों, ऑपरेशन कायाकल्प में अच्छा काम करने वाले ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति पत्र और निपुण हुए बच्चों को सर्टिफिकेट दिया। एक बच्चे का नामांकन कर प्रभारी मंत्री ने स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ किया।
डीएम रविंद्र सिंह ने स्कूल चलो और संचारी रोग नियंत्रण अभियान की गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम एमएलसी श्री वीरेंद्र सिंह ने कहा कि जीवन में अच्छा स्वास्थ्य और शिक्षा होना बहुत जरूरी है। सरकार का विकास कार्यों के साथ-साथ स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में बहुत बड़ा योगदान है। पूर्व विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने भी विचार व्यक्त किए। प्रभारी मंत्री ने कार्यक्रम में माैजूद सभी लोगों को संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर शपथ दिलाई गई। सीएमओ डाॅ. संजय अग्रवाल ने बताया संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक से 30 अप्रैल 2023 तक और दस्तक अभियान 17 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलाया जाएगा। जिसमें स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा घर-घर जाकर बुखार के रोगी, आईएलआई रोगी, क्षय रोगी, कुपोषित बच्चों, क्षेत्रवार ऐसे मकानों की सूची जहां घरों के भीतर मच्छर प्रजनन पाया गया हो, तैयार की जाएगी।
अंत में कार्यक्रम स्थल से स्कूल चलो रैली को रवाना किया गया। कार्यक्रम का संचालन सीडीओ शंभूनाथ तिवारी ने किया। भाजपा जिला अध्यक्ष सतेंद्र तोमर, एसपी अभिषेक झा, डीआईओएस सरदार सिंह, बीएसए कोमल सांगवान, जिला मलेरिया अधिकारी डाॅ. विनय कुमार, डाॅ. शाइस्ता, डाॅ आरके सागर, डीपीएम आशुतोष श्रीवास्तव, मलेरिया निरीक्षक सुबोध रवि आदि मौजूद रहे।
बिना जूते कार्यक्रम में पहुंचे ज्यादातर बच्चे
स्कूल चलो अभियान के कार्यक्रम में मंत्री और जनप्रतिनिधि सरकार की योजनाओं का गुणगान कर रहे थे। सरकारी स्कूलों के बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में बता रहे थे। लेकिन जब बच्चों को पुरस्कृत करने के लिए मंच पर बुलाया गया तो ज्यादातर बिना जूतों के थे। अधिकतर ने चप्पल पहन रखी थी। कार्यक्रम में मंत्री करीब दो घंटे देरी से पहुंचे। बच्चे उनकी इंतजार में बैठे रहे।
छात्राओं ने दी रंगारंग प्रस्तुति
कार्यक्रम में उच्च प्राथमिक विद्यालय लिलौन की छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुति दी। सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य उपमा शर्मा ने छात्राओं की तैयारी कराई थी। इसके अलावा बच्चों ने नाटिका भी प्रस्तुत की।