फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: साइबर ठगों का नया पैंतरा, सीमा हैदर की आईडी को बनाया हथियार

विज्ञापन
सीमा हैदर के नाम की कुछ इस तरह भेजी जा रही लोगों के पास फ्रेंड रिक्वेस्ट।
विज्ञापन
शामली। लोगों को ठगने के लिए साइबर ठग आए दिन नए-नए तरीके इजाद कर रहे हैं। इन दिनों पाकिस्तान से आई सीमा हैदर सोशल मीडिया से लेकर हर जगह सुर्खियों में बनी हुई है। साइबर ठगों ने सीमा हैदर को ही लोगों को ठगने का जरिया बना लिया है। सीमा हैदर के नाम की सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों के पास फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही है। लोगों से परिवार में बीमार सदस्यों की मदद के बहाने रुपये मांगे जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे साइबर ठगों से बचकर रहें, साथ ही, अन्य को भी जागरूक करें। शामली में भी कुछ लोगों के पास सीमा हैदर के नाम की फर्जी आईडी बनाकर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गई है।
विज्ञापन

शामली के रहने वाले चेतन के पास सीमा हैदर के नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। बताया कि उसने जल्दबाजी में रिक्वेस्ट को स्वीकार कर लिया। उससे ऑडियो काॅल कर पांच हजार रुपये की मांग की गई। कॉल करने वाले ने कहा कि उसके परिवार में सदस्य बीमार हैं, जिसका उन्हें इलाज कराना है। इसके अलावा याकूब और जियाउल के पास भी फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गई, हालांकि दोनों ने रिक्वेस्ट को स्वीकार नहीं किया।
बताया जा रहा है कि साइबर ठग रिक्वेस्ट भेजकर लोगों को चंगुल में लेकर ठगी का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, ठगाें के नए तरीके से अभी ठगी का शिकार कोई नहीं हुआ है। जिस आईडी से चेतन के पास रिक्वेस्ट भेजी गई थी संवाददाता ने भी रिक्वेस्ट भेजकर कॉल की। तीन बार कॉल करने पर कॉल तो रिसीव कर ली गई मगर दूसरी तरफ से जवाब नहीं दिया गया।
विज्ञापन

साइबर एक्सपर्ट कर्मवीर सिंह, विनय कुमार का कहना है कि लोगों को अनजान नाम से आने वाली रिक्वेस्ट को स्वीकार नहीं करना चाहिए। इससे वह ठगी का शिकार हो सकते हैं। किसी भी तरह की दिक्कत होने पर पुलिस या फिर साइबर सेल से शिकायत की जा सकती है।
- फेसबुक और इंस्टाग्राम पर बना दीं 50 से अधिक आईडी
पड़ताल के दौरान सामने आया है कि सीमा हैदर के नाम की फेसबुक और इंस्टाग्राम पर 50 से अधिक आईडी बना दी गईं हैं। सभी की प्रोफाइल और आईडी पर सीमा हैदर की फोटो और वीडियो अपलोड की गई है। कई आईडी वीडियो और व्यू अधिक पाने के लिए भी बनाई गईं हैं। पुलिस भी इस तरह की फर्जी आईडी की जांच में जुट गई है। लोगों को भी सचेत रहने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
- पचास फीसदी से ज्यादा ठगी टेलीग्राम पर

साइबर एक्सपर्ट कर्मवीर सिंह बताते हैं कि जितनी रकम साइबर ठगी से उड़ाई जा रही है, उसमें आधे से ज्यादा ठगी के मामले टेलीग्राम के हैं। टेलीग्राम इन दिनों साइबर ठगों की पहली पसंद बन गया है। कई में जांच चल रही है। अभियान चलाकर लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।
- साइबर ठगों से बचाव को यह भी जरूरी
: अनजान नाम से आने वाली फ्रेड रिक्वेस्ट को कतई स्वीकार न करें।
: किसी भी तरह के ऑफर और लालच में न आएं
: अनजान व्यक्ति से फोन पर बात कर उसके बहकावे में न आएं

: अच्छी तरह जांच करने के बाद ही किसी भी बैंक खाते में राशि डालें।

: फेसबुक, ट्विटर आईडी का पासवर्ड स्ट्रांग रखें, सरल पासवर्ड न रखें।

: कोई रुपयों की मांग करता है, तो पहले जांच लें या मैसेज करने वाले से फोन पर संपर्क करें।

: बैंक कर्मचारी कभी भी फोन पर डिटेल्स नहीं मांगते।
एसपी की लोगों से अपील
एसपी अभिषेक का कहना है कि जागरूकता से ही साइबर ठगी की वारदातों से बचा जा सकता है। लोगों को सतर्कता बरतनी चाहिए। यदि कोई अनजान नंबर से फ्रेंड रिक्वेस्ट आए तो उसे स्वीकार नहीं करना चाहिए। जल्द ही अभियान चलाकर भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। साइबर ठगी की शिकायत संबंधित थानों या फिर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी की जा सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें