शामली। जनपद के सभी ब्लॉकों की बीआरसी पर आईसीटी लैब बनाने की तैयारी शुरू हो गई है और इसके लिए जगह भी देखी जा रही है। वहां शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके बाद वह छात्र-छात्राओं को विज्ञान, गणित व कंप्यूटर की जानकारी दे सके। वहीं 74 स्कूलों में दो लाख 40 हजार रुपये के बजट से स्मार्ट क्लास बनाने का कार्य किया जाएगा।
बीआरसी को हाईटेक बनाने की तरफ सरकार ने कदम बढ़ाया है और इसके लिए सभी बीआरसी पर आईसीटी केंद्र बनाने का कार्य किया जाएगा। वहां कंप्यूटर, वेब कैमरा, स्पीकर, थीन क्लाइंट, प्रिंटर, नेटवर्किंग के लिए आवश्यक उपकरण, फर्नीचर, प्रोजेक्टर, व्हाइट बोर्ड, यूपीएस, इंट्रेक्टिव डिवाइस (आईआर कैमरा), हेडफोन सेट व अन्य सुविधाएं रहेंगी और वहां शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उसके बाद शिक्षक स्कूल में जाकर छात्रों को कंप्यूटर की जानकारी देंगे। शिक्षा विभाग ने आईसीटी केंद्र बनाने की तैयारी कर ली है और इसके लिए बीआरसी पर जगह देखी जा रही है, ताकि इसकी स्थापना जल्द से जल्द की जा सकें। वहीं 72 स्कूलों में स्मार्ट क्लास बनाई जाएगी और एक स्मार्ट क्लास पर दो लाख 40 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। बीएसए कोमल ने बताया कि शासन के आदेश पर स्मार्ट क्लास व आईसीटी केंद्र बनाने की तैयारी की जा रही है।