-डीएम ने शामली तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली/ऊन। डीएम अरविंद कुमार चौहान ने अधिकारियों से कहा कि जनपद में उनका प्रथम संपूर्ण समाधान दिवस है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से जनसमस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई की यदि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरती जाती है तो उसको बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने फरियादियों की समस्याओं को सुना। डीएम ने कहा कि यदि किसी कार्यालय में कोई फरियादी अपनी समस्या लेकर आता है तो सबसे पहले उसके साथ मधुर व्यवहार हो। फिर उसकी समस्या को सुनें और उस व्यक्ति के स्थान पर स्वयं को जाने और उसकी शिकायत का निस्तारण करें। उन्होंने अधिकारियों को जन शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहकर शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिये। संपूर्ण समाधान दिवस में 40 शिक़ायते आईं, जिनमें तीन शिकायतों का निस्तारण मौके पर कर दिया गया। साथ ही शेष शिकायतों के समय से निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए। इस अवसर पर एसडीएम शामली हामिद हुसैन, सीएमओ डॉ. अनिल कुमार, जिला विकास अधिकारी सत्यराम यादव आदि उपस्थित रहे। तहसील ऊन में मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 37 शिकायतें आईं, जिनमें दो का निस्तारण मौके पर किया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस अवसर पर एसडीएम ऊन अर्चना शर्मा आदि अधिकारी मौजूद रहे।