- प़ुलिस लाइन, जवाहर नवोदय विद्यालय के सीनियर सेक्शन का होगा निर्माण शुरू
विकास की बात
संवाद न्यूज एजेंसी
फोटो समाचार
शामली। निकाय चुनाव खत्म होने के बाद आचार संहिता हट चुकी है। जिले में भैंसवाल में प्रस्तावित पुलिस लाइन, जवाहर नवोदय विद्यालय के सीनियर सेक्शन का निर्माण कार्य इसी माह कभी निर्माण कार्य शुरू हो सकता है। जिला मुख्यालय पर कलक्ट्रेट के आवासीय भवनों का अधूरा कार्य और भैंसवाल खेल स्टेडियम निर्माण के लिए सोमवार से टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।
पूर्वी यमुना नहर के किनारे बधेव और भैंसवाल के जंगल में कलक्ट्रेट आवासीय कालोनी के लिए भूमि आरक्षित है। डीएम आवास, कलक्ट्रेट अधिकारी व कर्मचारियों के 50 के लगभग आवास का ढांचा खड़ा हो चुका है। जिसमें 11 करोड़ की धनराशि खर्च हो चुकी है। सीसी रोड, नाली, प्लास्टर, सीमेंट, पेंंट, खिडकी, चहारदीवारी, बिजली, पानी आदि सुविधा का कार्य अधूरा है। दो माह पूर्व शासन से पांच करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त हो चुकी है। निर्माण एजेंसी राजकीय निर्माण निगम को ठेकेदार नियुक्त करने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू करनी थी। नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर टेंडर प्रक्रिया अधर में लटक गई थी। राजकीय निर्माण निगम के अधिशासी अभियंता आरके राजा ने बताया कि सोमवार से कलक्ट्रेट आवासीय कालोनी के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। मई 2024 तक निर्माण पूरा हो जाएगा।
जवाहर नवोदय विद्यालय के सीनियर सेक्शन, पुलिस लाइन का जल्द हो सकता है निर्माण शुरू
पूर्वी यमुना नहर के किनारे भैंसवाल रोड पर जवाहर नवोदय विद्यालय का जूनियर सेक्शन लगभग एक साल से ज्यादा समय से चल रहा है। विद्यालय का सीनियर सेक्शन निर्माण की धनराशि अवमुक्त हो चुकी है। निर्माण एजेंसी यूपीसीएल भवन निर्माण के लिए अंबाला की एक कंस्ट्रक्शन कंपनी को नियुक्त कर चुकी है। अब इसी माह जवाहर नवोदय विद्यालय सीनियर सेक्शन का निर्माण शुरू होना है। दूसरी ओर, भैंसवाल गांव के जंगल में नवीन पुलिस लाइन के निर्माण को ठेकेदार नियुक्त हो चुका है। ठेकेदार जया यादव ने बताया कि जल्द ही चहारदीवारी का निर्माण शुरू हो जाएगा।
भैंसवाल खेल स्टेडियम की ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया आज से होगी शुरू
भैंसवाल खेल स्टेडियम की निर्माण एजेंसी यूपी प्रोजेक्ट कारपोरेशन के प्रोजेक्ट मैनेजर विकास त्यागी ने बताया कि स्टेडियम के लिए भूमि आरक्षित है। दो करोड़ की धनराशि अवमुक्त हो चुकी है। निर्माण एजेंसी की ओर से ठेकेदार नियुक्त करने के लिए सोमवार से ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 21 दिन में ठेकेदार का चयन कर अनुबंध कर लिया जाएगा।
विकास भवन, बीएसए की दूसरी मंजिल निर्माण के लिए मिल सकती अवशेष धनराशि
विकास भवन और बेसिक शिक्षा विभाग कार्यालय की दूसरी मंजिल निर्माण के लिए 9.72 कराेड़ की धनराशि एक माह में धनराशि अवमुक्त होने की संभावना है। विकास भवन की निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर आरके राजा ने बताया कि विकास भवन निर्माण के लिए 9 करोड़ से अधिक की धनराशि जल्द ही शासन से अवमुक्त हो जाएगी। प्रोजेक्ट मैनेजर विकास त्यागी ने बताया कि जल्दी ही बेसिक शिक्षा विभाग कार्यालय की दूसरी मंजिल निर्माण के लिए 72 लाख की धनराशि जल्द अवमुक्त होने वाली है। निकाय चुनाव के कारण शासन से धनराशि अवमुक्त होने में देरी हो रही थी।
शामली पुलिस लाइन की भूमि