झिंझाना (शामली)। बृहस्पतिवार शाम सुभारती उर्फ शोभावती निवासी गांव माऊवाड़ी थाना कारखाना रामपुर जनपद देवरिया ने थाना झिंझाना में तहरीर देकर बताया उसने अपनी पुत्री संजू की शादी ढाई वर्ष पूर्व बिट्टू निवासी रामगढ़ गागोर के साथ की थी। मंगलवार को वह अपने बेटे अंगद के साथ पुत्री संजू से मिलने उसके ससुराल रामगढ़ आई थी, लेकिन उसके ससुराल पक्ष ने बेटी से नहीं मिलने दिया। विरोध करने पर उसके दामाद बिट्टू ने अपने भाई अर्जुन और परिजनों को बुलाकर उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि उनका दामाद उन दोनों को घायल अवस्था में हथछौया गांव के बाहर छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों ने 108 एंबुलेंस से उन्हें शामली अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के बाद बृहस्पतिवार को उन्होंने थाना झिंझाना में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी ने बताया तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।