-रेत के डंपर के ऊपर सो रहा था व्यक्ति, रेत भरते समय हुआ हादसा
फोटो
झिंझाना। बिड़ौली खनन प्वाइंट पर डंपर के ऊपर सो रहा व्यक्ति जेसीबी मशीन से रेत डालते समय घायल हो गया था। आसपास काम में लगे लोग घायल को करनाल चिकित्सक के यहां ले गए, लेकिन रास्ते में ही घायल ने दम तोड़ दिया। उधर, परिजनों ने शव खनन प्वाइंट पर रखकर खूब हंगामा किया।
बिड़ौली खनन प्वाइंट पर शनिवार रात 45 वर्षीय अंग्रेज सिंह पुत्र कालूराम निवासी शीतलगढ़ी अपने साथियों सहित रेत से भरे डंपर के ऊपर आराम करने के लिए लेट गया। पुलिस के मुताबिक दूसरे लोग कुछ देर बाद नीचे उतर गए, लेकिन अंग्रेज सिंह ऊपर ही सोता रह गया। डंपर में रेत कम होने के कारण गाड़ी के चालक ने जेसीबी चला रहे ऑपरेटर को गाड़ी में और रेत भरने के लिए कहा, जिस पर जेसीबी ऑपरेटर ने रेत से भरा पंजा उठाकर डंपर पर उल्टा। इससे अंग्रेज सिंह घायल हो गया, जिसे लोग करनाल हॉस्पिटल की ओर लेकर दौड़े, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। उधर, घटना के बारे में जब परिजनों को पता चला तो कोहराम मच गया। शव को वापस खनन प्वाइंट पर रखकर ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। यह सब देख खनन ठेकेदार वहां से फरार हो गए। वहीं घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी शैलेंद्र कुमार पूनिया मौके पर पहुंचे और आलाधिकारियों को अवगत कराया। बाद में एएसपी ओपी सिंह व थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कपरवान भी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत किया। काफी देर जद्दोजहद के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के परिजनों व खनन ठेकेदारों के बीच आपसी समझौते के प्रयास जारी रहे। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कपरवान ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हालांकि परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।