कैराना में दुकान का किराया नही देेने पर पुलिस द्वारा बंद करायी गई दुकान-संवाद
कैराना। निराश्रित महिला ने पाकिस्तान में बैठे भारत के मोस्ट वांटेड अपराधी इकबाल काना के भाई पर अपनी दुकान पर अवैध कब्जा कर धमकी देने का आरोप लगाया है। डीएम के आदेश पर पुलिस ने दुकान बंद करा कर आरोपी को कोतवाली बैठा लिया।
मोहल्ला आलखुर्द निवासी निराश्रित महिला सईदा ने डीएम अरविंद कुमार चौहान को शिकायती पत्र में बताया कि कुछ साल पहले उसके पति शुऐब अहमद ने मोहल्ला बेगमपुरा स्थित चौंक बाजार में एक दुकान खरीदी थी।
सन 2010 में शुऐब की मौत हो गई थी। उसके द्वारा दुकान अफजाल नामक व्यक्ति को 20500 रुपये प्रति माह के हिसाब से किराए पर दे रखी है।
महिला ने आरोप लगाया कि पिछले चार महीने से अफजाल ना तो दुकान का किराया अदा कर रहा है और ना ही दुकान खाली कर रहा है। आरोप लगाया कि किराएदार अपने पुत्रों व भतीजों के साथ दुकान खाली ना कराने की धमकी दे रहा है। महिला ने बताया कि अफजाल पाकिस्तान में बैठे एवं भारत के मोस्ट वांटेड अपराधी इकबाल काना का सगा भाई है, जो इकबाल काना की भी उन्हें धमकी दे रहा है।
अब डीएम के आदेश पर पुलिस ने दुकान को बंद करा दिया तथा आरोपी अफजाल को कोतवाली में बैठा लिया। पुलिस ने बताया दुकानदार को थाने पर बैठाया गया है। मामले की जांच जारी है।