ठंड से सुबह और शाम आफत, दोपहर में कुछ देर की राहत
शामली। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी व शीतलहर के कारण मैदानी इलाकों को सर्दी ने जकड़ लिया है। लगातार तापमान में गिरावट आ रही है। ठंड से राहत पाने के लिए लोग अलाव को सहारा बना रहे हैं।
दो दिन से बढ़ी ठंड अब लोगों के लिए आफत बनती दिखाई दे रही है। दिसंबर जैसे-जैसे बीत रहा है, ठंड बढ़ती जा रही है। सोमवार को भी अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री रहा। सुबह की शुरुआत घने कोहरे से हुई। लोग सर्दी से कांपते रहे। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे धूप निकली तो सर्दी से कुछ राहत मिली। शाम होते ही सूरज छिपा तो एक बार फिर ठंड ने लोगों को कंपा दिया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार-पांच दिन सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली शीतलहर
जिले में सोमवार को 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से शीतलहर चलने के कारण पूरा दिन लोग सर्दी में ठिठुरते दिखाई दिए। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को और तेज गति से हवा चलने की आशंका है।
30 दिसंबर को खुलेंगे आठवीं तक के स्कूल
जनपद में चल रही शीत लहर और घने कोहरे के चलते छात्र-छात्राओं को विद्यालय जाने में कठिनाई होने के कारण डीएम के आदेशानुसार कक्षा एक से आठ तक के समस्त बोर्डों के मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 27 व 28 दिसंबर का अवकाश घोषित कर दिया गया। 29 दिसंबर को गुरु गोविंद सिंह जयंती का अवकाश होने के कारण 8वीं तक के सभी विद्यालय 30 दिसंबर को खुलेंगे। कक्षा-9 से 12 तक की कक्षाओं में शिक्षण कार्य जारी रहेगा। डीएम ने आदेशों के कड़े पालन के निर्देश दिए हैं।
-
रैन बसेरों में मिली अव्यवस्थाएं, सुधार के निर्देश
डीएम के निर्देश पर जिला आपदा विशेषज्ञ नेहा दुबे ने नगर पालिका व नगर पंचायतों में बनाए गए रैन बसेरों का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर पालिका कैराना, नगर पंचायत बनत और नगर पंचायत थानाभवन में सफाई, पेयजल, शौचालय व मास्क और सैनिटाइजर नहीं मिले। नगर पंचायत थानाभवन के मीटिंग हॉल में उपस्थिति रजिस्टर नहीं बनाया गया। शासन के कोरोना के संबंध में दिए गए निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा था। जिस पर जिला आपदा विशेषज्ञ ने संबंधित अधिशासी अधिकारी को व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने, रैन बसेरों में आने वाले व्यक्तियों के लिए ठंड से बचने को अलाव जलाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि रैन बसेरों में की गई मूलभूत सुविधाओं से प्रतिदिन अवगत कराने को कहा।
शामली कोहरे में गुजरती छात्राएं- फोटो : SHAMLI
शामली ठंड में गुजरती छात्राएं- फोटो : SHAMLI