शामली। मेरठ मार्ग समेत जिले के मुख्य मार्गों पर 50 से ज्यादा डग्गामार वाहन दौड़ रहे हैं। जिससे रोडवेज को नुकसान झेलना पड़ रहा है। डग्गामार वाहरों की सूची प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
जिला मुख्यालय के बस अड्डों के पास से मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, करनाल, पानीपत, दिल्ली, लोनी के लिए डग्गामार वाहन दौड़ रहे हैं। जिससे यूपी रोडवेज को काफी नुकसान हो रहा है। डग्गामार वाहनों की संख्या 50 से ज्यादा बताई जा रही है। रोडवेज ने इन डग्गामार वाहनों का सर्वे कराया। जिसके बाद एआरएम अनिल कुमार शुक्ला ने मेरठ-करनाल मार्ग पर दौड़ने वाले डग्गामार वाहनों की सूची डीएम जसजीत कौर, एसपी अभिषेक झा, एआरटीओ रोहित राजपूत समेत शहर कोतवाली, आदर्श मंडी थानों को इन वाहनों की सूची सौंपी है। इन्हें बंद कराने का अनुरोध किया है।
उन्होंने कहा कि शासन के अवैध डग्गामार वाहनों को प्रतिबंधित करने और रोडवेज बस अड्डे से एक किमी दूरी से प्राइवेट बस स्टैंड संचालित करने के आदेश हैं, जबकि शामली और मेरठ मार्ग पर अनधिकृत वाहन टाटा मैजिक वाहन रोडवेज बस के आगे खड़ी करके अनधिकृत रूप से सवारियों को बैठाना शुरु कर देते हैं। निगम कर्मियों के विरोध करने पर मारपीट करते हैं।