ग्राम हुरमजपुर में वारदात के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी
संवाद न्यूज एजेंसी
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव हुरमजपुर में मंगलवार रात जलाभिषेक के दौरान दो महिलाओं से छेड़छाड़ को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। गांव में हंगामे की जानकारी पाकर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। इसके चलते स्थिति को नियंत्रण किया जा सका। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
शिवरात्रि पर गांव हुरमजपुर में कश्यप समाज की दर्जनों महिलाएं जलाभिषेक करने के लिए शिव मंदिर में गई थीं। आरोप है कि जलाभिषेक के लिए महिलाएं लाइन में लगीं तो एक व्यक्ति ने छेड़छाड़ कर दी। महिलाओं ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इस पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। उनके बीच विवाद बढ़ता गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इससे मंदिर परिसर के बाहर अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
वहीं, दो पक्षों में संघर्ष की सूचना पाकर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर दोनों पक्षों को तितर-बितर कर दिया। घटना के दौरान कश्यप पक्ष से काला, सतेंद्र व उसकी पत्नी, जबकि दूसरी ओर से राजीव, लोकेश समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के संबंध में सुमेश पत्नी सतेंद्र व राजीव पुत्र कालूराम ने एक-दूसरे के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।