संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद। गन्ना किसानों के बकाया भुगतान की समस्या को लेकर थानाभवन के विधायक अशरफ अली ने गन्ना आयुक्त से मुलाकात की। उन्हाेंने कहा कि बकाया भुगतान के कारण किसानों को परेशानी हो रही है।
बुधवार को थानाभवन से रालोद विधायक अशरफ़ अली खान ने गन्ना किसानों के बकाया भुगतान व अन्य समस्याओं को लेकर लखनऊ में गन्ना आयुक्त पीएन सिंह से मुलाक़ात की। किसानों की समस्याओं से अवगत कराते हुए भुगतान न होने की वजह से किसानों के सामने आ रही समस्याओं को गन्ना आयुक्त को बताया और कहा कि गन्ना भुगतान ना होने से विद्युत विभाग के बिल, स्कूलों की फ़ीस, बच्चों की शादी, बीमारियों का इलाज भी समय से नहीं हो पा रहा है। किसान एक ओर तंगहाली के दौर से गुजर रहा है, वहीं विद्युत कर्मचारी बिल जमा ना होने की वजह से किसानों का उत्पीड़न कर विद्युत कनेक्शन काटने का कार्य कर रहे हैं। गन्ना आयुक्त ने सभी समस्याओं के जल्द निराकरण का आश्वासन दिया।