संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद। किसानों ने डीएम को पत्र भेजकर चार माह से एक्सप्रेसवे निर्माण के चलते बंद किए गए माइनर को चालू करने की मांग की है। किसानों का कहना है कि रजबहा बंद होने के कारण खेतों में सिंचाई का संकट पैदा हो गया है।
गांव हसनपुर लुहारी और ख्यावड़ी गांव के ग्रामीणों ने शुक्रवार को पत्र भेजा। जिसमें बताया कि क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जा रहा है। जो उनके खेतों से होकर गुजर रहा है। किसानों ने आरोप लगाया कि एक्सप्रेसवे के निर्माण के चलते उनके जंगल के रास्ते से जा रहे रजबहे को मिट्टी डालकर बंद कर दिया है। इस संबंध में जब किसानों ने एनएचएआई के अधिकारियों से शिकायत की तो उन्होंने कहा कि उनके नक्शे में यह माइनर नहीं है। जबकि किसानों का कहना है कि यह सरकारी माइनर है और वर्षों से आसपास के किसान इस माइनर के जरिए अपने खेतों की सिंचाई कर रहे हैं। इस माइनर को बंद करने से किसानों के सामने सिंचाई का संकट पैदा हो गया है।
किसानों ने कहा कि आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने वाली है। जिससे किसानों को सिंचाई की और आवश्यकता होगी। यदि माइनर को नहीं खोला गया तो उनकी फसलें सूख जाएंगी। किसानों ने माइनर को जल्द खोलने की मांग की। शिकायत करने वालों में किसान बृजपाल, मुकेश कुमार, संजय कुमार, ईश्वर सिंह, आर्येश कुमार, राकेश, बबलू, बाबूराम आदि शामिल रहे।