गणतंत्र दिवस समारोह में शहीद सिपाही अंकित तोमर के परिवार को प्रशस्ति पत्र सौंपते सुरेश राणा।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान सिपाही अंकित तोमर की शहादत को याद करके लोग भावुक हो गए। स्कूली बच्चों ने साबिर एनकाउंटर और सिपाही अंकित तोमर के शहीद होने की झांकी प्रस्तुत की। साथ ही बच्चों ने बॉर्डर फिल्म का गाना, संदेशे आते हैं, के घर कब आओगे, चला तो अंकित के परिवार के लोग अपने आंसू रोक नहीं पाए।
पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम हुआ। इस दौरान सिपाही अंकित तोमर के पिता जयपाल सिंह, पत्नी नेहा और मां भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में एक के बाद एक स्कूल के बच्चे देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम पेश कर रहे थे। इसी दौरान एक स्कूल के बच्चों ने कैराना क्षेत्र के गांव जंधेड़ी में हुई साबिर मुठभेड़ का प्रस्तुति एक नाटक के जरिये पेश किया। किस तरह से बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ होती है और फिर घायल सिपाही अंकित तोमर की मृत्यु होने पर पुष्पांजलि अर्पित की जाती है, तो कार्यक्रम स्थल पर मौजूद हर व्यक्ति को झकझोर दिया। वहीं, भीड़ के बीच बैठे अंकित तोमर के पिता जयपाल सिंह, मां और पत्नी नेहा भी भावविभोर होकर रोने लगीं।
इसके बाद जब गन्ना विकास राज्यमंत्री सुरेश राणा, जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह और पुलिस अधीक्षक डाक्टर अजयपाल शर्मा ने शहीद सिपाही अंकित तोमर के परिजनों को प्रशस्ति पत्र सौंपा, तब भी अंकित के परिवार के लोग रोते रहे। इस दृश्य को देखकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। वहीं, बिजनौर में शहीद हुए उपनिरीक्षक सहजोर मलिक निवासी लिसाढ़ के परिजनों को भी पुलिस लाइन में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
शहीद अंकित की याद में सद्भावना क्रिकेट मैच
शामली। करनाल रोड स्थित बीएसएम क्रिकेट एकेडमी में शहीद सिपाही अंकित तोमर की याद में शुक्रवार को सद्भावना क्रिकेट मैच का आयोजन हुआ, जिसमें अनुराग एकादश और आजम एकादश के बीच कांटे का मुकाबला हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व चेयरमैन अरविंद संगल ने दोनों टीमों से परिचय प्राप्त कर खेल भावना से प्रेरित किया। इस दौरान पहले बल्लेबाजी करते हुए अनुराग एकादश ने 20 ओवर में 209 रन बनाए। इसके जवाब में आजम एकादश 205 रन ही बना पाई, जिसके चलते अनुराग एकादश को विजेता घोषित कर दिया गया। मैन ऑफ द मैच 40 रन बनाने वाले तरुण शर्मा को मिला। इस दौरान समाजसेवी श्रीपाल गोयल, कंवर हसन, अरमान राणा, पुनीत द्विवेदी, अमित वर्मा, हरविंद्र, नीटू, नरेंद्र, लोकेंद्र, विकेंद्र और अशरफ आदि मौजूद रहे।