मेधावी छात्राओं को किया सम्मानित
शामली। सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज शामली में योग एवं संस्कृति कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मेधावी छात्राओं को छात्रवृत्ति देकर सम्मानित किया गया।
जन कल्याण सेवा ट्रस्ट समिति द्वारा शुक्रवार को कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी विजय कौशिक और समिति के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में समिति की तरफ से कॉलेज की मेधावी छात्राएं परी गर्ग, प्रगति व उर्वशी को 2100-2100 रुपये की छात्रवृत्ति देकर सम्मानित किया गया। समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार ने कहा कि संस्था का उद्देश्य विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों को संस्कारित कर जागरूक करना है। साथ ही उनकी आर्थिक मदद कर शिक्षा व समाज के लिए प्रेरित करना है। कॉलेज में दो दिवसीय नेत्र व दंत परीक्षण शिविर आयोजित किया गया।
इस अवसर पर योग शिक्षक सुमित गुप्ता ने योगासन कराए और छात्राओं को योग का महत्व बताया। प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार ने कहा कि समाज में जन कल्याण सेवा जैसी संस्थाएं समाज के उत्थान में अपना सहयोग करती रहेंगी तब तक देश उन्नति के पथ पर अग्रसर रहेगा। इस अवसर पर समिति के महासचिव कुलश्रेष्ठ सैनी, सचिव उमेश कुमार, संरक्षण अरुण जैन, चंचल गोयल, डॉ. श्रेय माहेश्वरी, डॉ. ऋचा माहेश्वरी, जिला सेवा प्रमुख देशपाल, विद्या भारती जिला प्रमुख अनिल मलिक, सुनीत गर्ग, आकाश, कपिल, रूपेश, संजीव कुमार, कविता गुप्ता व गीता कांबोज आदि मौजूद रहे।