- डीएम ने ली जिला स्तरीय अफसरों की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। आजादी का अमृत महोत्सव योजना के तहत 09 से 30 अगस्त तक ‘मेरी माटी, मेरा देश’ अभियान के तैयारियों के संबंध में डीएम रविंद्र सिंह ने जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम को उत्सव की तरह मनाए।
बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष सभागार में आयोजित बैठक में डीएम रविंद्र सिंह ने कहा कि आजादी के 75 वर्ष में 75 सप्ताह तक चलने वाले इस कार्यक्रम का समापन 29-30 अगस्त को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर किया जाना प्रस्तावित है। 25 अगस्त को लखनऊ में राज्य स्तरीय भव्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएगे। मेरी माटी, मेरा देश के हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तर्ज पर जिले के ग्रामीण व शहरी दोनों क्षेत्रों में आयोजित होंगे।
मेरी माटी मेरा देश’ अभियान के तहत 09 अगस्त 2023 को ग्राम पंचायत व स्थानीय निकाय स्तर पर कार्यक्रम होंगे। स्थल चयन के लिए गांव के अमृत सरोवर एवं शहीद पार्क पंचायत भवन, विद्यालय आदि का चयन किया जाए। स्मारक स्थल पर 15 अगस्त को एकत्रित होकर कार्यक्रम स्थल पर सभी व्यक्तियों को प्रत्येक की मुट्ठी में मिट्टी लेकर पंच प्राण की शपथ लेंगे। सामूहिक सेल्फी लेकर वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक स्थान चिन्हित कर 75 पौधों का रोपण करते हुए अमृत वाटिका का रूप दिया जाए।
अभियान के तहत एकत्रित की गई मिट्टी को कलश में लेकर 16 से 20 अगस्त के मध्य विभिन्न संगठनों के युवा अपने-अपने ब्लाक पर इकट्ठा होंगे और इकट्ठा किए गए मिट्टी कलशों को जनपद से सुसज्जित वाहनों के माध्यम से 27 से 29 अगस्त के मध्य नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर और 23 से 24 अगस्त के मध्य लखनऊ में चयनित श्रेष्ठ व्यक्तियों के माध्यम से पहुंचाया जायेगा। इस दौरान देशभक्ति से प्रेरित लगातार कार्यक्रम आयोजित होंगे और स्वाधीनता सेनानियों के सम्मान के साथ ही शहीदों को श्रद्धांजली भी दी जाएगी। इस कार्यक्रम में पंचायतों, स्कूल कालेजों के साथ ही सभी स्वयं सेवी, समाज सेवी संगठनों आदि का सहयोग सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में सीडीओ रंजीत सिंह, एसडीएम ऊन विजय शंकर,एसडीएम कैराना स्वप्निल कुमार यादव, तहसीलदार प्रशांत अवस्थी, डीपीआरओ समेत जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।