यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर विषय विशेषज्ञ से बातचीत फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटर की 16 फरवरी से परीक्षा शुरू हो रही है। परीक्षा की तैयारी करने में अब समय कम है। रसायन विज्ञान की परीक्षा की अच्छी तैयारी और बेहतर अंक प्राप्त करने के लिए विषय विशेषज्ञ मुकेश कुमार सैनी से बातचीत की गई। उनका कहना है कि रसायन विज्ञान में रटकर याद नहीं करना चाहिए, बल्कि रसायन के सूत्र और समीकरण लिखकर याद करें। परीक्षा में सैद्धांतिक के साथ आंकिक प्रश्नों को हल करने में समीकरण और सूत्रों की जानकारी होना जरूरी है।
राष्ट्रीय शिक्षा सदन इंटर कॉलेज झिंझाना के रसायन प्रवक्ता मुकेश सैनी ने कहा कि रसायन विज्ञान में बोर्ड परीक्षा की तैयारी और अधिकतम अंक लाने के लिए विद्यार्थियों को कुछ विशेष बातों का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा विषय को समझकर अध्ययन करना चाहिए, क्योंकि सोच समझकर अध्ययन किया हुआ ज्यादा प्रभावशाली होता है और याद रहता है। हर अध्याय के आंकिक प्रश्नों को प्राथमिकता के आधार पर अभ्यास करें। रासायनिक समीकरणों को संतुलित करने का लिखकर अभ्यास करें और सभी रासायनिक सूत्र कंठस्थ याद करें। पिछले सालों की बोर्ड परीक्षा में आए प्रश्नों का निरंतर अभ्यास करना चाहिए। उप सहसंयोजक यौगिक, एल्डिहाइड, किटोन, जैव अणु, विलयन आदि पर विशेष ध्यान देकर तैयारी करें। रसायन विज्ञान की इंटर की बोर्ड परीक्षा की तैयारी में टैक्स्ट बुक का अध्ययन ज्यादा किया जाना चाहिए। इसके अलावा विद्युत रसायन और जैव अणु के चित्रों का अभ्यास प्रमुख रूप से करें। प्रश्नों के उत्तर लिखने के साथ चित्र होंगे तो वह ज्यादा प्रभावशाली होता है। इन बातों को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थी तैयारी करें तो परीक्षा में बेहतर अंक पाने में सफलता प्राप्त कर सकेंगे।