गांव सिम्भालका में शहीद हुए अकबर अली की समाधी पर पुष्प अर्पित करते भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में खेड़ीकरमू बिजलीघर पर आंदोलन के दौरान शहीद हुए किसान जयपाल मलिक और अकबर अली को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मेरठ रोड स्थित लांक बस स्टैंड पर शहीद स्मारक पर यज्ञ किया गया, तो गांव सिंभालका में शहीद किसान अकबर अली की मजार पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
एक मार्च 1987 को प्रदेश सरकार द्वारा बिजली की दरों में इजाफा करने के कारण किसानों में गुस्सा भड़क गया था। उस दौरान भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष रहे चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत और खाप चौधरियों की अगुवाई में किसानों ने खेड़ीकरमू बिजलीघर पर चढ़ाई कर दी थी। इस दौरान मेरठ रोड पर काबड़ौत पुल के पास किसानों का पुलिस के साथ टकराव भी हो गया था। पुलिस ने गोलियां चलाई थीं, जिस कारण किसान जयपाल मलिक और अकबर अली शहीद हो गए थे। उन्हीं दोनों किसानों की याद में हर साल एक मार्च को श्रद्धांजलि कार्यक्रम किया जाता है। बृहस्पतिवार को शहीद किसान जयपाल मलिक और अकबर अली की 31वीं पुण्यतिथि मनाई गई। मेरठ रोड स्थित लांक बस स्टैंड पर जयपाल मलिक के शहीद स्मारक पर हवन किया गया और प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। हवन के पुरोहित हरपाल सिंह व यज्ञमान जयपाल मलिक के बड़े भाई जगबीर मलिक रहे। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत, भारतीय किसान यूनियन (भानु गुट) के राष्ट्रीय महासचिव अनिल मलिक, प्रवीण रोड, राजेंद्र सिंह, धीरज लाटियान ,राजबीर सिंह, जगबीर फौजी, भाकियू के मंडल अध्यक्ष ओमपाल मलिक सहित काफी किसान मौजूद रहे। इसके बाद गांव सिंभालका में अकबर अली की मजार पर पुष्प अर्पित किए गए।
वहीं, राजबहादुर के आवास पर गठवाला खाप के थांबेदार चौधरी श्याम सिंह की अध्यक्षता और अनिल मलिक के संचालन में बैठक हुई। इस दौरान भाकियू अध्यक्ष एवं बालियान खाप के चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि सरकार किसानों को फसलों का वाजिब दाम नहीं दिला पा रही है। चीनी मिलें गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं कर रही। वहीं, बिजली की दरें मनमाने ढंग से बढ़ाकर किसानों की कमर तोड़ी जा रही है। उन्होंने कहा कि अपने हकों के लिए किसानों को एकजुट होने की आवश्यकता है। इस दौरान कालखंडे खाप के चौधरी संजय सिंह, ब्लॉक प्रमुख के पति जयदेव मलिक, अवनीश प्रधान, जयदेव सिंह, प्रताप सिंह, सर्वेश, ईश्वर फौजी आदि ने भी विचार व्यक्त किए।