शामली। धनतेरस पर बाजार देर रात ग्राहकों से गुलजार रहे और जमकर खरीदारी हुई। किसी ने बाइक खरीदी तो किसी ने कार बुक की। बर्तन और इलेक्ट्रोनिक्स सामान भी खूब बिके। जेवर और चांदी के सिक्कों की भी खूब बिक्री हुई। रात तक बाजारों में खूब धन वर्षा हुई। पिछले सालों की तुलना में भी डेढ़ गुना बढ़ोतरी हुई। शुक्रवार को धनतेरस पर बाजारों में सुबह से ही ग्राहक पहुंचना शुरू हो गए थे। बर्तन, चांदी, सोने की ज्वैलरी, इलेक्ट्रोनिक्स, इलेक्ट्रिक, ऑटोमोबाइल्स, कपड़े, सजावटी सामान समेत सभी सामानों की लोगों ने जमकर खरीदारी की। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदारों ने उपहार और ऑफर भी दिए। बाजारों में भीड़ के चलते जाम के हालात रहे।
बाइक और कार की हुई बिक्री
धनतेरस पर ऑटोमोबाइल्स सेक्टर में अच्छा कारोबार हुआ। जिले में ट्रैक्टर, बाइक, स्कूटी, इलेक्ट्रिक स्कूटी और कारों की बिक्री हुई। करनाल रोड पर ऑटो एजेंसी के संचालक अमित कुमार ने बताया कि इस बार सौ से अधिक बाइकों की बिक्री हुई। झिंझाना रोड स्थित ऑटो एजेंसी के संचालक पुष्पेंद्र शर्मा ने बताया कि उम्मीद के मुताबिक बाइकों की बिक्री हुई। ऑटोमोबाइल कारोबारियों का कहना है कि धनतेरस से दीपावली के बीच करीब 25 करोड़ के कारोबार का अनुमान है। क्योंकि एक दिन में सभी वाहनों की डिलीवरी देना मुमकिन नहीं होता है।
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में मची रही धूम
इलेक्ट्रानिक्स की दुकानों पर एलईडी, वाशिंग मशीन, फ्रिज और मोबाइल की सबसे अधिक बिक्री हुई। व्यापारी वैभव गर्ग और अंकुर गोयल का कहना है कि काफी दिन के चलते बाजार काफी सुस्त था। धनतेरस पर कारोबार अच्छा रहा है। व्यापारी मनोज पंवार ने बताया कि धनतेरस पर कारोबार अच्छा रहा है।
सराफा बाजार चमका
सराफा बाजार में सोने के जेवरात के अलावा चांदी के सिक्के, बर्तनों की जमकर खरीददारी हुई। महिलाएं और पुरुष ग्राहकों की सराफा की दुकानों पर भीड़ लगी रही। सराफा व्यापारी बंसल ज्वेलर्स सचिन बंसल व शानू संगल ने बताया कि धनतेरस पर पिछले सालों से इस बार डेढ़ गुना ज्यादा व्यापार रहा। चांदी के लक्ष्मी-गणेश के सिक्के और मूर्तियों की सबसे अधिक बिक्री हुई। जिले में करोड़ों के कारोबार की उम्मीद है।
खूब हुई बर्तनों की बिक्री
बर्तनों की दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़ के चलते आपाधापी मची रही। स्टील के बर्तनों के साथ तांबा, पीतल के बर्तनों की बिक्री हुई। मेटल की लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की खूब बिक्री हुई। शहर में बर्तनों का थोक कारोबार है। मोटे अनुमान के तौर पर बर्तनों का करीब पांच करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ है। अरुण बंसल ने बताया कि धनतेरस बर्तनों की अच्छी बिक्री हुई है।
इलेक्ट्रिक बाजार भी खूब चमका
झालर, पाइप,लट्टू, स्ट्रिप आदि छाए रहे। केशव ने बताया कि घरों में सजावट के इलेक्ट्रिक सामान की अच्छी बिक्री हुई। व्यापारी संजय ने बताया कि एलईडी बल्ब, फैंसी लाइटें और झूमर की डिमांड है। उनका कहना है कि पिछले साल से इस बार बाजार अच्छा है।
झाडू की हुई खूब बिक्री
धनतेरस पर झाडू खरीदना शुभ माना जाता है। इस दिन झाडू खरीदने की परंपरा के चलते बांस और फूल की झाडू की खूब बिक्री हुई। किरयाना व्यापारी सतीश गोयल ने बताया कि सामान्य दिनों में 25-30 झाडू बिकती हैं, लेकिन धनतेरस पर दोगुनी से भी अधिक झाडू बिकी।
धनतेरस पर बाजार अच्छा रहा है। पिछले कई महीने से बाजार में मंदी छाई थी। धनतेरस के दिन शामली शहर समेत जिले के सभी कस्बों में अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।
घनश्यामदास गर्ग, प्रदेश अध्यक्ष पउप्र संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल।
शामली गाँधी चौक बाजार में बर्तनो की खरीदारी करते ग्राहक
शामली गाँधी चौक बाजार में बर्तनो की खरीदारी करते ग्राहक
शामली गाँधी चौक बाजार में बर्तनो की खरीदारी करते ग्राहक
शामली गाँधी चौक बाजार में बर्तनो की खरीदारी करते ग्राहक
शामली गाँधी चौक बाजार में बर्तनो की खरीदारी करते ग्राहक