शामली। ईद को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों ने शुक्रवार को जमकर खरीदारी की। ग्राहकों की भीड़ को देखकर व्यापारियों के चेहरे भी खिले रहे। देर रात तक बाजार खुले रहे और जमकर खरीदारी हुई।
ईद-उल-फितर का पर्व शनिवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए मुस्लिम समाज के लोगों ने शुक्रवार को सभी तैयारियां पूरी की। सुबह से ही लोग तैयारियों में लगे रहे। महिलाओं और पुरुषों ने वैसे तो सुबह से ही खरीदारी शुरू कर दी थी, लेकिन दोपहर बाद बाजार में ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। महिलाओं की सबसे अधिक भीड़ काॅस्मेटिक की दुकानों पर देखने को मिली। इसके अलावा किराना, शूज, बेकरी, कन्फैक्शनरी और खेल-खिलौने की दुकानों पर भीड़ लगी रही। ईद की खरीदारी को लेकर बाजार गुलजार रहे। बाजारों में चहल-पहल और रौनक बनी रही। शहर के बड़ा बाजार, नया बाजार, सुभाष चौक, गांधी चौक, कबाड़ी बाजार, आजाद चौक, कलंदरशाह, नेहरू मार्केट देर रात तक खुले। लोग कपड़े, जूते, सजावट के सामान से लेकर ड्राई फ्रूट और सेवई की खरीदारी करते दिखाई दिए।
बादलों की वजह से देरी से दिखा चांद
शाम के समय आसमान में बादल छाए रहे। जिसके चलते चांद का दीदार देर तक नहीं हो सका। लोगों ने अपनी रिश्तेदारियों में फोन कर चांद दिखाई देने की जानकारी ली। चांद दिखाई देने की जानकारी मिलते ही एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद देने का सिलसिला शुरु हो गया। कुछ जगह लोगों ने आतिशबाजी भी की।
दूध हुआ महंगा, एडवांस बुकिंग हुई
ईद के मद्देनजर दूध पांच से दस रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया। सामान्य तौर पर दूध का रेट 70 रुपये चल रहा है, लेकिन इस त्योहार पर दूध की अधिक खपत होने के कारण 80 रुपये तक एडवांस में बुकिंग की गई। बताया गया है कि शहर में बर्फ आदि लगाकर दूध को स्टोर किया गया है। शहर में दूध की कमी होने पर गांव देहात में दूध को कई दिन पहले ही बुक कर लिया गया है। नौकुआं रोड निवासी अकबर अंसारी ने बताया कि उन्होंने शहर में शुद्ध और ताजा दूध न मिलने के कारण तीन दिन पहले दूध विक्रेता के यहां 75 रुपये किलो के हिसाब से दूध तय किया है।
ईद की खरीदारी को बाजारों में रही भारी भीड़
कैराना। ईद उल फितर त्योहार के अवसर पर बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ रही। जिसके चलते कुछ बाजारों में सारा दिन जाम की स्थिति बनी रही।
ईद उल फितर त्योहार के चलते सुबह से ही चौक बाजार, बेगमपुरा, जोडिया कुआं, पुराना बाजार, मीना मार्किट, पट्टों वाला व गुंबद पर खरीदारों की भारी भीड़ लगी रही। सबसे अधिक रेडीमेट ड्रेस, जूते-चप्पल व काॅस्मेटिक के अलावा इलेक्ट्रोनिक के सामान की दुकानों पर युवकों और महिलाओं की अधिक भीड़ देखी गई। इसके अलावा हेयर सैलून और ब्यूटी पार्लर में भी युवक व महिलाएं अपने नंबर आने का इंतजार करती रही। बाजारों में नगर व देहात के खरीदारों के आने के साथ ही बाइकों के कारण पूरे दिन बाजारों से पैदल गुजरना भी दुश्वार रहा। देर रात तक बाजारों ग्राहकों से आबाद रहे।
ईद किट का वितरण किया
थानाभवन। रमजान के आखरी जुमे को मदरसे में 152 निर्धन परिवारों को ईद किट वितरित की गई। मदरसा जामिया इरशादुल्ल बनात में मौलवी याकूब व मौलाना इस्माईल ने नगर के 152 निर्धन परिवारों को रमजान के अलविदा जुमे की नमाज के बाद किट वितरित की।
शामली में ईद पर बडा बाजार में लगी भीड