शामली। जिले के लोगों के लिए खुशखबरी है। अन्य जिलों की तरह ही शामली के लोग भी इस बार 26 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस पर पहली बार नई पुलिस लाइन में पुलिस की मार्चिंग परेड को देख सकेंगे। जिला बनने के 13 साल बाद पहली बार जिले में मार्चिंग परेड कराई जा रही है। इसके अलावा पीएसी 44 बटालियन का अत्याधुनिक बैंड भी कार्यक्रम में शामिल रहेगा, जिसकी तैयारी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कर ली है।
दरअसल, शामली को जिले का दर्जा 2011 में दिया गया था। तभी से पुरानी पुलिस लाइन गुड मंडी में चली आ रही है। हाल ही में गोहरनी में करीब 198 करोड़ की लागत से नई पुलिस लाइन का निर्माण कराया गया है। गुडमंडी में पुलिस लाइन की जगह छोटी थी, जिसके कारण मार्चिंग परेड़ नहीं कराई जाती थी। जिला बनने के 13 बाद बाद पहली बार नई पुलिस लाइन में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
डीएम रविंद्र सिंह और एसपी अभिषेक ने बताया कि अभी पुलिस लाइन का निर्माण कार्य चल रहा है। मगर पहली बार देशभक्ति कार्यक्रमों के साथ-साथ मार्चिंग परेड कराने का भी निर्णय लिया गया है। जिसकी प्रैक्टिस पुलिसकर्मी को करानी शुरू कर दी है। इसके अलावा इस बार खास बात यह रहेगी कि पीएसी 44 बटालियन का बैंड भी भाग लेगा। नौ स्कूल और कॉलेजों के छात्र एवं छात्राएं कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। प्रयास रहेगा कि लोगों के बैठने के लिए भी उचित व्यवस्था कराई जाए ताकि वह भी कार्यक्रम का हिस्सा हो। संवाद
सराहनीय कार्य करने वाले होंगे सम्मानित
डीएम ने बताया कि पुलिस के अलावा सामाजिक कार्यकर्ताओं और अन्य क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले लोगों को भी गणतंत्र दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए ब्योरा तैयार कराया जा रहा है।
महिला पुलिसकर्मी भी करेंगी भागीदारी
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के अलावा डीएम, एसपी और अन्य अधिकारी भाग लेंगे। इसके अलावा 150 पुलिसकर्मी भी भागीदारी करेंगे। जिनमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल होगी। तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके अलावा पुलिस लाइन और अन्य कार्यालयों को सजाने को भी कहा गया है।
संदिग्धों पर नजर रखने के लिए बार्डर पर अलर्ट
एसपी अभिषेक ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा के मद्देनजर शामली समेत सभी कोतवाली और थाना प्रभारियों को अलर्ट किया गया है। इसके अलावा करनाल, कैराना में पानीपत बाॅर्डर पर पुलिसकर्मियों को अलर्ट किया गया है। इसके अलावा होटल, रेस्टोरेंट और रेलवे स्टेशनों पर चेकिंग शुरू कराई गई है। लोगों से भी अपील है कि संदिग्धों की सूचना पुलिस काे दें।