आरोपी को हिरासत में ले जाता हुआ पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
शामली के झिंझाना के ग्राम रजाकनगर में सीडीओ ने विकास कार्यों की समीक्षा की। ग्रामीणों ने प्रधान के पति और उनके सहयोगी पर विकास कार्यों में दिलचस्पी नहीं लेने और सुविधा शुल्क वसूलने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शौचालय बनवाने के नाम पर सुविधा शुल्क वसूला गया है। वहीं, निरीक्षण के दौरान गांव में विकास कार्यों में खामियां ही खामियां मिलीं। गांव में हैंडपंप भी खराब मिला।
स्ट्रीट लाइटें भी जलती हुई नहीं मिली। सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए विभागीय अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। सीडीओ ने पुलिस को ग्राम प्रधान के पति को हिरासत में लेने के निर्देश दिए। सीडीओ ने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही किसी सूरत में नहीं की जाएगी।
बृहस्पतिवार को मुख्य विकास अधिकारी रेनू तिवारी ने गांव रजाकनगर में समीक्षा बैठक की। इस दौरान 120 शौचालयों का सत्यापन किया गया। इस दौरान गांव की राजबीरी, सुनीता, पूनम, बबीता, संतो, बबली, दीपा, मोहरकली, तुलसा, राजबाला और मनोज आदि ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान के पति विनोद और उसके सहयोगी ने प्रत्येक लाभार्थी से दो से तीन हजार रुपये सुविधा शुल्क वसूले। वहीं, गांव में लगी 21 स्ट्रीट लाइटों को प्रधान के पति ने सही बताया, जबकि मौके पर कर्मचारी भेजकर जांच कराने पर 14 लाइटें बंद मिली। 26 हैंडपंपों में से प्रधान के पति ने सात खराब बताए, जबकि मौके पर 10 हैंडपंप खराब मिले। गांव की सड़कों के लिए आई 1,97000 रुपये की धनराशि खर्च करने का ब्योरा नहीं बताया जा सका। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए ग्राम प्रधान के पति और उसके सहयोगी के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया।
सीडीओ ने पुलिस को प्रधान के पति को हिरासत में लेने और ग्राम पंचायत सचिव को इस मामले में तहरीर देने के लिए कहा। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि गांव के विकास के लिए आई धनराशि के खर्च का ब्योरा तलब कर बीडीओ ऊन को जांच सौंप दी गई है। उधर, ग्राम प्रधान विमलेश ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उसने कहा कि उसके पति को रंजिशन फंसाने की कोशिश की जा रही है।
सीडीओ ने की विकास कार्यों की समीक्षा
कैराना। मुख्य विकास अधिकारी रेणु तिवारी ने गांव पांवटी कल में विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान ग्रामीणों ने पेंशन, आवास और अध्यापकों की तैनाती की मांग की।
बृहस्पतिवार को गांव पावटीकलां में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कराए गए विकास कार्यों की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। सीडीओ रेणु तिवारी ने विकास कार्यों के बारे में ग्रामीणों से जानकारी ली। सीडीओ ने कहा कि जानकारी मिली है कि पूर्व में इस गांव में विकास के हालात बदतर थे, लेकिन अब काफी सुधार आया है। पहले गली-सड़कों पर जलभराव रहता था, तो अब सड़कें तथा नालियां बनवाकर इसका समाधान कराया जा चुका है। ग्रामीणों से उनकी समस्याओं के बारे में जाना। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सफाई कर्मी की तैनाती नहीं है, जिस कारण कूड़ा एकत्र हो रहा है। सीडीओ ने संबंधित अधिकारी को गांव में सफाई कर्मचारी लगाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा ग्रामीणों ने गांव में वृद्धा, विकलांग, विधवा पेंशन सहित प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनवाये जाने तथा स्कूल में अध्यापकों की नियुक्ति कराने की मांग की। इस पर सीडीओ ने कहा कि जल्द ही स्कूल में अध्यापकों की तैनाती करा दी जाएगी। साथ ही, सोमवार को बीडीओ सहित अन्य अधिकारी गांव में कैंप लगाकर लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पेंशन आदि के फार्म जमा करेंगे। मौके पर डीपीआरओ, डीएसओ, सीएमओ आदि अधिकारियों के अलावा ग्राम प्रधान योगेश, प्रदीप, जनक चौहान, निरंजन सिंह, इलियास, आलिम प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
कस्तूरबा गांधी विद्यालय का निरीक्षण किया
कैराना। बृहस्पतिवार को डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने हाल ही में कस्तूरबा बालिका आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बालिकाओं से सवाल-जवाब भी किए और समस्याओं के बारे में पूछा। डीएम ने अधीनस्थ अधिकारियों को बालिकाओं को किसी भी प्रकार की समस्या न होने के निर्देश दिए हैं।