कैराना। कस्बे से जाने वाले गंदे पानी व पिछले दिनों हुई बारिश के कारण मामौर झील ओवरफ्लो होकर टूट गई। जिसके बाद आधा दर्जन किसानों की सैकड़ों बीघा गेहूं व तरबूज की फसल बर्बाद हो गई।
पिछले हफ्ते हुई बारिश के बाद व कैराना से बड़े नाले से जाने वाले गंदे पानी के कारण मामौर झील ओवरफ्लो हो गई थी। झील के किनारे लगाई गई मिट्टी की आड पानी के दबाव के चलते टूट गई। जिस कारण किसान मुस्तकीम की 8 बीघा, शरीफ की 8 बीघा तरबूज की फसल, जमशेद की 5 बीघा प्याज की फसल, नूरमोहम्मद की गेहूं की 5 बीघा, मतलूब की 8 व इरशाद की 15 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। किसानों ने फसलों में भरे पानी ट्रैक्टरों की मदद से निकाला गया, लेकिन तब तक फसल पानी में गल कर पूरी तरह बर्बाद हो गई। किसानों ने प्रशासन से मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है। संवाद