शामली। सहारनपुर से शामली होकर दिल्ली जा रही जनता एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन में तकनीकी खराबी की वजह से कांधला के निकट पांच मिनट तक खड़ी रही। तकनीकी कमी ठीक होने पर ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया ।
सहारनपुर से चलकर दिल्ली जाने वाली जनता एक्सप्रेस ट्रेन शामली में सुबह साढ़े सात बजे पहुंचती है। शनिवार को यह ट्रेन पौने आठ बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई। कांधला स्टेशन से पहले ट्रेन के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई, जिस कारण ट्रेन बीच में ही रेलवे लाइन पर खड़ी हो गई। इसके बाद ट्रेन के इंजन में आई कमी को दूर कर ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन करीब पांच मिनट खड़ी रही। रेलवे के यातायात निरीक्षक ओमबीर सिंह ने बताया कि ट्रेन के इंजन में कुछ खराबी आने पर उसकी गति कम हो गई थी। इंजन में तकनीकी खराबी को दूर कर ट्रेन को रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन करीब पांच मिनट खड़ी रही। उधर, इस ट्रेन पर किसी युवक के पत्थर फेंकने की चर्चा चलती रही। हालांकि अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। रेलवे के अधिकारियों के अलावा जीआरपी व आरपीएफ ने पत्थर फेंकने की सूचना को गलत बताते हुए इस तरह की कोई जानकारी होने से इंकार किया है।