सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सेमिनार का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को जीवन कौशल विषय पर प्रेरणादायी सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें आचार्य पवन ने विद्यार्थियों को बताया कि जीवन को सरल व सहज बनाना ही जीवन कौशल है।
कॉलेज में आयोजित सेमिनार का शुभारंभ सरस्वती वंदना व दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। यहां गीता यूनिवर्सिटी पानीपत के एजुलोजिस्ट एंड गाइडेड मेडिटेशन एक्सपर्ट डॉ. आचार्य पवन ने विद्यार्थियों से संवाद कर जीवन कौशल विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि जीवन को सरल एवं सहज बनाना ही जीवन कौशल है। समय प्रबंधन के साथ-साथ आप क्या बनना चाहते हैं, उसे निश्चित करके एकाग्रचित होकर विद्याध्ययन करना, अपने प्रति ईमानदार होना और स्वयं की इच्छा से अनुशासन का पालन करना जीवन कौशल को प्रभावी बनाता है। समय प्रबंधन से दबाव मुक्त होने में सहायता मिलती है।
उन्होंने कहा कि ध्यानपूर्वक सुनना, निंदा रहित होना, उद्देश्यपरक होना, आत्मचेतन, योजनाबद्धता, शारीरिक व मानसिक सामंजस्य, ज्यादा मात्रा में आने वाले विचार को गैप थैरेपी द्वारा रोकना, आलस्य मुक्त जीवन, स्व-कर्तव्य पालन जैसे जीवन कौशल विकसित करके सफल जीवन का निर्माण कर सकते हैं। कार्यक्रम में गीता यूनिवर्सिटी पानीपत से आई असिस्टेंट प्रोफेसर ईशा कालरा ने विद्यार्थियों को विभिन्न कोर्स की जानकारी दी। प्रधानाचार्य आनंद प्रसाद शर्मा ने अतिथियों का आभार जताया और विद्यार्थियों को परीक्षा हेतु मानसिक व शारीरिक रूप से तैयार रहने का आह्वान किया। यहां उप प्रधानाचार्य मलूक चंद, आचार्य अशोक सोम, पवन कुमार, मोहर सिंह, नीटू कश्यप, सुभाष चंद, अरविंद कुमार, योगेंद्र कुमार, ब्रिजेश कुमार, बिजेंद्र कुमार, अंकित भार्गव, विकास शर्मा, मधुबन शर्मा, पुष्पेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन वाणिज्य प्रवक्ता सुखदेव सैनी ने किया।