शामली। मोबाइल फोन पर रील बनाने से रोकने पर पुत्रवधू आए दिन चिमटे, डंडे से मारपीट कर रही हैं। विरोध करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती है। वहीं एक विवाहिता फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी नाम से आईडी बनाकर भी रील बनाती है। पति ने उसको पकड़ा। इन मामलों से विवाद बन रहे हैं। वन स्टाॅप सेंटर में हर माह 12 से 15 मामले पहुंच रहे हैं।
केस-1
शामली के काजीवाड़ा की रहने वाली सास ने वन स्टाप सेंटर में शिकायती पत्र देते हुए कहा कि उसके बेटे की शादी एक साल पूर्व ही सहारनपुर की रहने वाली युवती के साथ हुई थी। आरोप है कि पुत्रवधू आए दिन सोशल मीडिया पर रील बनाने में व्यस्त रहती है। रील बनाने से टोकने पर चार बार उसकी चिमटे, डंडे से पिटाई की जाती है। झूठे मुकदमे में भी फंसाने की धमकी दी जा रही है। वन स्टॉप सेंटर के अधिकारी दोनों पक्षों के बीच सुलह का प्रयास कर रहे हैं।
केस-2
शामली के दिल्ली रोड के रहने वाली महिला ने गुहार लगाते हुए कहा कि पुत्रवधू मोबाइल फोन पर हर समय बात करती रहती है। टोकने पर कई बार उसकी चिमटे से पिटाई कर चुकी है। एक बार जान से मारने का भी प्रयास कर चुकी हैं। पुत्रवधू से बचाने की गुहार लगाई।
केस-3
बाबरी के रहने वाले नौकरीपेशा दीपक कुमार ने शिकायत करते हुए बताया कि उसकी शादी दो साल पूर्व दिल्ली की रहने वाली युवती के साथ हुई थी। आरोप है कि पत्नी फर्जी नाम से आईडी बनाकर फेसबुक और इंस्टाग्राम पर रील बनाती है। जिससे परिवार की बेइज्जती हो रही है। उसने खुद की फर्जी आईडी बनाकर जांच पड़ताल की तो पत्नी के आईडी बनाने का पता चला। संवाद
ये तीन मामले तो बानगीभर मात्र है।
सास द्वारा शिकायत के पिछले चार माह के आंकड़े
सितंबर - 3
अगस्त - 12
जुलाई- 14
जून-15
आंकड़े वन स्टाॅप सेंटर से लिए गए हैं।
इन्होंने कहा....
रील बनाने, मोबाइल फोन पर बात करने से रोकने या टोकने पर सास के साथ पुत्रवधू द्वारा मारपीट के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। तीन माह में आए 14 मामलों में सुलह कराई जा चुकी है। जल्द ही अन्य मामलों में भी सुलह कराई जाएगी।
- गजाला त्यागी, प्रभारी वन स्टाप सेंटर शामली
किसी ने निधि तो किसी ने रुमा के नाम से बना दी फर्जी आईडी
सखी सेंटर की काउंसलर प्रिंसी और नीलम सैनी का कहना है कि सेंटर कई मामले ऐसे भी सामने आए हैं, जिनमें रील बनाने के लिए किसी विवाहिता ने निधि तो किसी ने रुमा, पूजा, रिया के नाम से फर्जी आईडी बनाकर वीडियो अपलोड करनी शुरू कर दी। मगर शक होने पर पति ने फर्जी आईडी पकड़ ली। इस तरह के तीन माह में 12 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें सुलह का प्रयास किया जा रहा है।