परिवहन विभाग का जिले में 2 हजार 428 वाहनों पर 4.94 करोड़ रुपये टैक्स था बकाया
अब तक वसूले 50 लाख, योजना का लाभ लेने के लिए बचे सिर्फ दो दिन
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। परिवहन विभाग की एकमुश्त समाधान योजना का लाभ लेने में वाहन मालिकों ने रुचि नहीं दिखाई है। इसके चलते योजना लक्ष्य से पिछड़ गई है। अब योजना के सिर्फ दो दिन बचे हैं। जिले में 2 हजार 428 वाहनों पर करीब चार करोड़ 94 लाख रुपये बकाया थे। जिसमें विभाग अभी 50 लाख रुपये वसूल कर पाया है।
शासन ने परिवहन विभाग की एकमुश्त समाधान योजना 27 जून से शुरू की थी। इसके तहत एक अप्रैल 2020 या उससे पहले के पंजीकृत व्यावसायिक वाहनों पर बकाया टैक्स पर शत-प्रतिशत पेनाल्टी की छूट दी गई है। पहले यह योजना 26 जुलाई तक थी, लेकिन बाद में इसे एक महीना बढ़ाकर 26 अगस्त तक लागू किया गया है। इस योजना का लाभ लेने के लिए वाहन मालिकों को पहले एक हजार रुपये शुल्क के साथ आवेदन करना है। योजना के सिर्फ दो दिन बचे हैं।
जिले में एक अप्रैल 2020 से पूर्व के पंजीकृत व्यावसायिक 2 हजार 428 वाहनों पर लगभग चार करोड़ 94 लाख रुपये टैक्स बकाया था। संभागीय परिवहन विभाग में इस योजना का लाभ लेने के लिए अब तक 293 वाहन मालिकों ने आवेदन किया, जिनमें 273 वाहन मालिकों ने करीब 50 लाख रुपये बकाया टैक्स जमा कराया है।
एआरटीओ रोहित राजपूत ने बताया कि एकमुश्त समाधान योजना की जानकारी वाहन मालिकों को देने के लिए लगातार प्रचार किया गया है। जिन वाहनों पर टैक्स बकाया है। उनके मालिकों को फोन करके योजना की जानकारी दी जा रही है। इसके तहत अब तक करीब 50 लाख रुपये बकाया टैक्स जमा हुआ है। उन्होंने वाहन मालिकों से कहा है कि बकाया टैक्स जमा करके शत-प्रतिशत पेनाल्टी का लाभ उठाएं। योजना का लाभ लेने के लिए अब दो दिन शेष हैं।