झिंझाना। 30 लाख की लॉटरी के लालच में एक युवक ठगी का शिकार हो गया। उसने दो बार में 12 हजार रुपये ठग के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। जब और रुपये की मांग की गई तो युवक को ठगे जाने का अहसास हुआ। उसने पुलिस से शिकायत करके कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर निवासी आदित्य ने बताया कि उसके व्हाट्सएप नंबर पर लोकप्रिय टीवी कार्यक्रम ओर से तीस लाख रुपये की लॉटरी लगने का मेसेज आया था। उसे दिए हुए व्हाट्सएप नंबर पर केवल व्हाट्सएप कॉल करने के लिए कहा गया। पहले ठगों ने 12 हजार रुपये की मांग की और अपना अकाउंट नंबर भेजा। युवक ने शनिवार को 6-6 हजार रुपये भेज दिए।
इसके बाद आज फिर 25 हजार रुपये दूसरे अकाउंट में भेजने के लिए कहा। इस पर युवक को अहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो गया है। रविवार दोपहर आदित्य के मोबाइल पर ठगी करने वाले ने वीडियो कॉलिंग करके रुपये भेजने के लिए कहा। उस समय पीड़ित थाने में ही मौजूद था। वीडियो कॉल पर दरोगा को देख ठगों ने युवक से अलग होकर बात करने के लिए कहा। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर रही है।