-बच्चों में डायरिया तो बड़ों में तेज बुखार और हीट स्ट्रोक की शिकायत बढ़ी
फोटो - 03 की सीरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। बढ़ते पारे के बीच लू में छोटे-बड़ों की सेहत बिगड़ने लगी हैं। बच्चों में डायरिया तो बड़ों में तेज बुखार और हीट स्ट्रोक की शिकायत बढ़ गई है। इनके अलावा उल्टी-दस्त, पेट दर्द व खांसी के मरीज भी बढ़े हैं। जिला अस्पताल में इन बीमारियों के प्रतिदिन करीब 115 मरीज भर्ती हो रहे। सोमवार की ओपीडी में 1779 मरीज चिकित्सकों को दिखाने के लिए पहुंचें।
जिले में पारा लगातार चढ़ रहा है। गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। भीषण गर्मी में लोग बीमार पड़ने लगे हैं। छोटे बच्चों को डायरिया ने चपेट में ले लिया है। इन दिनों आलम ये है कि एसबीडी जिला अस्पताल में मरीजों की लाइन लगी हुई है। सोमवार को फिजिशियन कक्ष में तेज बुखार, पेट दर्द, उल्टी-दस्त, खांसी, हीट स्ट्रोक के 700 से 800 के बीच मरीज दिखाने के लिए पहुंचे। जनरल वार्ड फुल हो गए हैं। प्रतिदिन 85 मरीज भर्ती हो रहे। यहीं हाल बच्चा वार्ड का है। वार्ड-सी का कोई बेड खाली नहीं है। रोजाना करीब 30 बच्चे भर्ती हो रहे हैं।
लू से बचाव
-बिना वजह धूप में जाने से बचें।
-सिर पर कैप या गमछा लगाकर निकलें।
-पूरे शरीर को ढककर ही बाहर जाएं।
-घर से खूब पानी पीकर ही निकलें।
-मौसमी फलों का सेवन अधिक करें।
-दिन में कई बार पेय पदार्थ लें।
इन बीमारियों का खतरा
-उल्टी दस्त
-चिकन पॉक्स
-हीट स्ट्रोक
-तेज बुखार
-सनबर्न
-सिर में दर्द
-पेट दर्द
गर्मी बढ़ रही है। ओपीडी में डायरिया से पीड़ित बच्चे आने लगे हैं। जिन बच्चों की हालत गंभीर लगती है, उन्हें भर्ती किया जा रहा है। प्रतिदिन 25 से 30 बच्चे रोजाना भर्ती हो रहे। गर्मी के मौसम में अभिभावक अपने बच्चों का विशेष ध्यान रखें। ओआरएस का घोल पिलाते रहे, ताकि बच्चों में पानी की कमी न हो।
-डॉ. विरेंद्र भट्ट, बाल रोग विशेषज्ञ, जिला अस्पताल
ओपीडी में गर्मी के मरीज आ रहे हैं, जिनमें उल्टी-दस्त, सिर में दर्द, पेट दर्द, तेज बुखार की शिकायत है। हीट स्ट्रोक का भी खतरा बढ़ गया। रोजाना 80 से 85 मरीजों को भर्ती करना पड़ रहा है। ऐसे मौसम में लोगों को चाहिए कि वह घर से बिना वजह धूप में जाने से बचें।
डॉ. अनिल कुमार वोहरा, फिजिशियन, जिला अस्पताल