कांधला। कस्बे के मोहल्ला रायजादगान में पिछले 15 दिनों से कूड़े के अंबार लगे पड़े हैं। गंदगी के चलते मोहल्ले के लोगों का जीना मुहाल हो गया है। मोहल्ले के ही किरणपाल, राजीव, वेदप्रकाश, चंद्रहंस, राजेश का कहना है कि शिकायत के बाद भी पालिका प्रशासन इस और कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। आरोप है कि मोहल्ले में सफाई कर्मी भी नहीं आ रहे हैं। बुधवार को मोहल्ले के लोगों ने पालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। डीएम जसजीत कौर को शिकायत कर मोहल्ले में साफ-सफाई कराने की मांग की है। नगर पंचायत ईओ बलीराम यादव का कहना है कि शीघ्र ही मोहल्ले में सफाई कर्मी भेजकर सफाई कराई जाएगी।